विदेश की खबरें | भारत ने श्रीलंका को तत्काल जरूरत की दवाइयां दीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भारत ने श्रीलंका के अनुरोध पर उसे तत्काल आवश्यक दवाइयां दी हैं। यहां भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 13 मार्च भारत ने श्रीलंका के अनुरोध पर उसे तत्काल आवश्यक दवाइयां दी हैं। यहां भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

भारत ने श्रीलंका के अस्पतालों में ‘फ्यूरोसेमाइड इंजेक्शन (20एमजी/2एमएल)’ की कमी को पूरा करने के लिए तत्काल उसके 50,000 एम्पुल्स दिए। इन्हें श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने स्वास्थ्य और जनसंचार मंत्री नलिंदा जयतिस्सा को सौंपा।

भारतीय उच्चायोग की ओर से जारी की गयी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ भारत स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में कठिनाइयों और अभावों के समय में श्रीलंका के लिए एक विश्वसनीय मित्र और आगे बढ़कर मदद करने वाला देश रहा है।’’

बयान में कहा गया कि कोविड-19 महामारी के दौरान, भारत ने मई 2020 में श्रीलंका को एक विशेष विमान से 25 टन से अधिक दवाइयां भेजी, जनवरी 2021 में कोविशील्ड वैक्सीन की 5,00,000 खुराकें और फरवरी 2022 में एक लाख ‘रैपिड एंटीजन टेस्ट’ किट उपहार में दीं।

श्रीलंका में फरवरी 2022 में आर्थिक संकट के मद्देनजर दवाओं समेत आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए एक अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण सुविधा मार्च 2022 में एक वर्ष की अवधि के लिए बढ़ा दी गयी थी।

बाद में श्रीलंका सरकार के अनुरोध पर इसे मार्च 2024 तक बढ़ा दिया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, “दवाओं की सख्त कमी को पूरा करने के लिए अप्रैल-मई 2022 में पेराडेनिया विश्वविद्यालय अस्पताल, जाफना टीचिंग अस्पताल, हंबनटोटा जनरल अस्पताल आदि को 26 टन से अधिक दवाएं और अन्य चिकित्सा आपूर्ति प्रदान की गयी थी।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\