देश की खबरें | भारत ने विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के गलत शव मिलने की ब्रिटिश मीडिया की खबर को खारिज किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने ब्रिटिश मीडिया की उस खबर को बुधवार को खारिज किया, जिसमें दावा किया गया है कि ब्रिटेन में शोक संतप्त दो परिवारों को अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले उनके प्रियजनों के गलत शव मिले थे।
नयी दिल्ली, 23 जुलाई भारत ने ब्रिटिश मीडिया की उस खबर को बुधवार को खारिज किया, जिसमें दावा किया गया है कि ब्रिटेन में शोक संतप्त दो परिवारों को अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले उनके प्रियजनों के गलत शव मिले थे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि सभी शवों को बहुत ही पेशेवर तरीके से उनके परिजनों को सौंपा गया था और उनकी गरिमा का पूरा ध्यान रखा गया था।
लंदन जाने वाला एअर इंडिया का एक विमान 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे विमान में सवार 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई थी। इस हादसे में जमीन पर मौजूद 19 अन्य लोग भी मारे गए थे।
मारे गए लोगों में 53 ब्रिटिश नागरिक शामिल थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने खबर देखी है और जब से ये चिंताएं एवं मुद्दे हमारे संज्ञान में लाए गए हैं, हम ब्रिटेन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस दुर्घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार मृतकों की पहचान की थी।’’
जायसवाल 12 जून के एअर इंडिया विमान हादसे के बारे में ‘डेली मेल’ में छपी एक खबर के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी शवों को बहुत ही पेशेवर तरीके से उनके परिजनों को सौंपा गया और उनकी गरिमा का पूरा ध्यान रखा गया। हम इस मुद्दे से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान करने के लिए ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’
ब्रिटिश समाचार पत्र ने दो परिवारों के हवाले से दी गई खबर में दावा किया कि दुर्घटना में मारे गए ब्रिटिश नागरिकों के शव सौंपने में ‘‘भयानक रूप से गड़बड़ी’’ की गई।
इसमें आरोप लगाया गया कि शोकसंतप्त परिवारों को फिर से गहरा दुख झेलना पड़ रहा है, क्योंकि उनके प्रियजनों के अवशेषों को घर भेजने से पहले उनकी गलत पहचान की गई।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया दुर्घटना एक भीषण दुर्घटना थी और शवों के अंगों की पहचान करना विशेष रूप से जटिल कार्य था। एक सूत्र ने कहा, "ऐसी दुर्घटनाओं में, अलग-अलग लोगों के शरीर के ऊतक आपस में जुड़ जाते हैं, जिससे डीएनए विश्लेषण के परिणाम अलग-अलग हो सकते हैं।"
‘डेली मेल’ की खबर में दावा किया गया है कि एक मृतक के रिश्तेदारों को अंतिम संस्कार कार्यक्रम रद्द करना पड़ा, क्योंकि उन्हें बताया गया कि उसके ताबूत में उनके परिवार के सदस्य के बजाय किसी अज्ञात यात्री का शव है।
खबर में यह भी कहा गया है कि गलत पहचान के अब तक दो मामले सामने आए हैं, लेकिन आशंका है कि ऐसी और भी गलतियां हुई होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2025 12:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

