जरुरी जानकारी | भारत, डेनमार्क ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के लिए समझौता किया

नयी दिल्ली, दो मई भारत और डेनमार्क ने नए सिरे से साझेदारी के माध्यम से ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

बिजली मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह समझौता पांच जून, 2020 को हस्ताक्षरित मूल समझौता ज्ञापन के तहत पांच साल के सफल सहयोग के बाद हुआ है। यह शुरू में पांच जून, 2025 को समाप्त होने वाला था।

समझौता ज्ञापन पर बिजली सचिव पंकज अग्रवाल और भारत में डेनमार्क के राजदूत रासमस अबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर बिजली मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद थे।

मंत्रालय ने कहा कि एक समझौते का नवीनीकरण बातचीत और सहयोग में निरंतरता सुनिश्चित करता है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र के विकास में संयुक्त प्रयासों का निर्बाध विस्तार हो सके।

बयान के अनुसार, भारत और डेनमार्क ने शुक्रवार को एक नए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करके अपने दीर्घकालिक ऊर्जा सहयोग को मजबूत किया है।

नवीनीकृत समझौता ज्ञापन वर्ष 2070 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन प्राप्त करने के भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य का समर्थन करता है।

बयान में कहा गया है कि समझौते में विशेषज्ञों के साथ बातचीत, संयुक्त प्रशिक्षण सत्रों और अध्ययन दौरों के माध्यम से ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)