देश की खबरें | भारत 26/11 के हमलावरों को उचित जवाब नहीं दे सका : हिमंत

पुरी, 26 नवंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि देश 26/11 के मुंबई हमलावरों को उचित जवाब नहीं दे सका। शर्मा ने यहां श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद यह टिप्पणी की।

शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह हम सभी के लिए बेहद दु:खद दिन है। अगर उस समय मनमोहन सिंह की जगह नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री होते तो चीजें बिल्कुल अलग होतीं।’’

पाकिस्तान से लश्कर-ए-तैयबा के दस आतंकवादी 26 नवंबर, 2008 को समुद्री मार्ग से आए और मुंबई में अंधाधुंध गोलीबारी में 166 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें से 18 सुरक्षाकर्मी थे । इसमें कई अन्य घायल हो गए।

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी ने हमलावरों को करारा जवाब दिया होता, उन्होंने कहा, ‘‘यह वाकई दु:खद है कि हम उचित जवाब नहीं दे सके।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘कार्तिक महीने के आखिरी पांच दिनों के दौरान त्रिमूर्ति के दर्शन करना सबसे पवित्र माना जाता है।’’

असम के मुख्यमंत्री के साथ पुरी विधायक जटानी सारंगी और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)