विदेश की खबरें | गैबॉन का विश्वसनीय साझेदार होने को प्रतिबद्ध है भारत: नायडू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मंगलवार को कहा कि भारत गैबॉन के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है।
लिबरेविले (गैबॉन), 31 मई उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मंगलवार को कहा कि भारत गैबॉन के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है।
नायडू ने मध्य अफ्रीकी देश के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और गैबॉन की विकास यात्रा में विश्वसनीय भागीदार होने को लेकर भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
नायडू गैबॉन, सेनेगल और कतर की तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में सोमवार को यहां पहुंचे। नायडू की यात्रा किसी भी भारतीय उपराष्ट्रपति द्वारा तीनों देशों की पहली यात्रा है, और यह भारत से गैबॉन और सेनेगल की पहली उच्च स्तरीय यात्रा है।
उपराष्ट्रपति के कार्यालय ने ट्वीट किया कि उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रपति अली बोंगो ओन्डिम्बा से मुलाकात की और बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि ‘‘भारत गैबॉन के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है और उन्होंने गैबॉन की विकास यात्रा में भारत सरकार की विश्वसनीय भागीदार बनने की प्रतिबद्धता को दोहराया।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि उपराष्ट्रपति नायडू ने गैबॉन के विदेश मंत्री मौसा-अदामो से भी मुलाकात की और दोनों नेताओं ने भारत-गैबॉन साझेदारी को "पुन: सक्रिय" करने के उपायों पर चर्चा की।
उपराष्ट्रपति ने गैबॉन की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष फॉस्टिन बाउकोबी और सीनेट अध्यक्ष लूसी मिलेबौ औबुसन के साथ भी एक संयुक्त बैठक की।
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने ट्वीट किया, नायडू ने उन्हें मूल भारतीय संविधान की प्रतिकृतियां भेंट कीं और भारत-गैबॉन संबंधों में लोकतंत्र और बहुलवाद के साझा मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। नायडू के गैबॉन में व्यापारिक समुदाय के साथ बातचीत करने और भारतीय प्रवासियों को संबोधित करने की भी उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)