खेल की खबरें | भारत ने जापान को हराकर महिला एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब जीता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां एकतरफा फाइनल में जापान को 4-0 से हराकर एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब जीत लिया।
रांची, पांच नवंबर भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां एकतरफा फाइनल में जापान को 4-0 से हराकर एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब जीत लिया।
भारत के लिए संगीता (17वें मिनट), नेहा (46वें मिनट), लालरेमसियामी (57वें मिनट) और वंदना कटारिया (60वें मिनट) ने गोल दागे। संगीता और वंदना ने मैदानी गोल दागे जबकि नेहा और लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए।
कोबायाकावा शिहो ने 22वें मिनट में जापान के लिए गोल किया था लेकिन वीडियो रेफरल के बाद उनके इस प्रयास को खारिज कर दिया गया। जापान को 52वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला था लेकिन काना उराता के शॉट को भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने रोक दिया।
भारत ने इससे पहले टूर्नामेंट के लीग चरण और एशियाई खेलों के कांस्य पदक के प्लेऑफ में भी जापान को 2-1 के समान अंतर से हराया था।
हांगझोउ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
चेन यी (तीसरे मिनट) और लूओ टियानटियान (47वें मिनट) ने चीन के लिए गोल दागे। कोरिया के लिए मैच का इकलौता गोल अन सुजिन ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।
चीन ने इससे पहले एशियाई खेलों के फाइनल में भी कोरिया को 2-0 से हराया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2023 10:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

