देश की खबरें | भारत और ब्रिटेन ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं: शाप्स
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन सरकार के एक मंत्री ने शुक्रवार को यहां कहा कि भारत और ब्रिटेन ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
पणजी, 21 जुलाई ब्रिटेन सरकार के एक मंत्री ने शुक्रवार को यहां कहा कि भारत और ब्रिटेन ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
ऊर्जा सुरक्षा मामलों पर ब्रिटेन के मंत्री ग्रैंट शाप्स ने ‘पीटीआई’ को बताया कि यह भारत के लिए अहम है क्योंकि ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उसकी ‘‘जबरदस्त महत्वाकांक्षाएं’’ हैं।
उन्होंने जी-20 की स्वच्छ ऊर्जा पर 14वीं मंत्रिस्तरीय बैठक और आठवें ‘मिशन इनोवेशन’ की बैठक से इतर यह बात कही। शाप्स ने कहा कि वह अपने भारतीय समकक्ष केन्द्रीय ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह के साथ नियमित तौर पर बातचीत करते हैं।
शाप्स ने कहा,‘‘ वह (सिंह) मेरे अतिथि के तौर पर लंदन आ रहे हैं....हम ऊर्जा सुरक्षा पर निकटता से काम करते हैं। यह भारत की जबरदस्त महत्वाकांक्षा को देखते हुए उसके लिए अहम है।’’
उन्होंने कहा कि दोनों देश हरित ऊर्जा की ओर बढ़ रहे हैं और संयुक्त परियोजनाओं पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
इस सप्ताह की शुरुआत में उन्होंने ब्रिटेन में इलेक्ट्रिक कारों की बैटरी के लिए गीगा फैक्टरी के वास्ते चार अरब डॉलर का निवेश करने संबंधी टाटा समूह की घोषणा का स्वागत किया था।
शाप्स ने कहा, ‘‘यह बड़ा निवेश है।’’
उन्होंने जी-20 की बैठकों को लेकर कहा कि सदस्य देशों के लिए ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में मिलकर काम करना महत्वपूर्ण है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)