एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | आम, अनार के निर्यात के लिए उपायों पर काम करेंगे भारत, अमेरिका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत और अमेरिका मंगलवार को भारत से आम और अमेरिका से चेरी के निर्यात के उपायों पर काम करने को सहमत हुए। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई के बीच बैठक के दौरान यह सहमति बनी। बैठक में व्यापार संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

जरुरी जानकारी | आम, अनार के निर्यात के लिए उपायों पर काम करेंगे भारत, अमेरिका

नयी दिल्ली, 23 नवंबर भारत और अमेरिका मंगलवार को भारत से आम और अमेरिका से चेरी के निर्यात के उपायों पर काम करने को सहमत हुए। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई के बीच बैठक के दौरान यह सहमति बनी। बैठक में व्यापार संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ताई ने भारत-अमेरिका व्यापार नीति मंच (टीपीएफ) की 12वीं मंत्री स्तरीय बैठक की सह- अध्यक्षता की। इस मंच की बैठक चार साल में पहली बार हुई है।

दोनों देशों के टीपीएफ पर संयुक्त बयान के अनुसार, भारत से आम और अनार के निर्यात को सुगम बनाने के लिये अमेरिका दोनों फलों के लिए पूर्व मंजूरी कार्यक्रम/ विकिरण के नियामकीय निरीक्षण के हस्तांतरण को अंतिम रूप देगा और भारतीय अधिकारियों को सौंपेगा।

दोनों देश भारत से अमेरिका को अनार के दानों के निर्यात के लिए एक प्रणाली पर हस्ताक्षर करने की भी उम्मीद कर रहे हैं।

इसी तरह, भारत निरीक्षण प्रमाणन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने को इच्छुक है। इससे अमेरिकी चेरी और पशुओं के लिये चारे में उपयोग होने वाले ‘अल्फाल्फा हे’ के आयात की अनुमति मिलेगी।

संयुक्त बयान के अनुसार, ‘‘इसके अलावा अमेरिका अंगूर की पहुंच के लिए भारत के अनुरोध को पूरा करने के लिए काम करने के लिए सहमत हुआ। दूसरी तरफ भारत ने अमेरिकी पोर्क और पोर्क उत्पादों के आयात की अनुमति देने के लिए पारस्परिक रूप से सहमत निर्यात प्रमाणपत्र को अंतिम रूप देने के लिए काम करने के लिए सहमति जतायी।

बैठक के दौरान भारत ने देश के निर्यातकों के लाभ के लिए सामान्यीकृत तरजीही व्यवस्था (जीएसपी) को फिर से बहाल करने को कहा। इस पर अमेरिकी पक्ष ने कहा कि इस पर ‘विचार’ किया जा सकता है। दोनों पक्षों ने शुल्क दरों में कटौती की संभावना पर भी विचार साझा किये।

दोनों मंत्रियों ने व्यापार नीति मंच कार्यकारी समूहों को मामले में ठोस प्रगति को लेकर मार्च, 2022 तक कार्ययोजना विकसित करने का निर्देश दिया। इसमें विशिष्ट व्यापार परिणामों के एक प्रारूप की पहचान शामिल है। इसे 2022 के मध्य तक होने वाली टीपीएफ बैठक में अंतिम रूप दिया जा सकता है।

इसके अलावा, दोनों पक्षों ने इस वर्ष जनवरी-सितंबर के दौरान द्विपक्षीय वस्तु व्यापार में मजबूत सुधार पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान द्विपक्षीय व्यापार में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

बयान के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार इस साल 100 अरब डॉलर के पार होने की संभावना है।

बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने व्यापार संबंधों को प्रभावित करने वाले मौजूदा और उभरते मुद्दों पर बातचीत के महत्व को रेखांकित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 23, 2021 08:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).