एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | स्वतंत्रता दिवस: 10,000 से अधिक जवान तैनात, आधी रात से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और 3,000 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात करके शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | स्वतंत्रता दिवस: 10,000 से अधिक जवान तैनात, आधी रात से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

नयी दिल्ली, 14 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और 3,000 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात करके शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भारी पुलिस बल तैनात करने के अलावा राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीमाएं बृहस्पतिवार मध्य रात्रि से सील कर दी जाएंगी और वाणिज्यिक तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होगा।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, मध्य और नयी दिल्ली में चेहरे की पहचान वाले एआई-आधारित 700 कैमरे लगाए गए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हरियाणा-दिल्ली और उत्तर प्रदेश-दिल्ली से राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीमाएं बुधवार रात 11.30 बजे के बाद वाणिज्यिक एवं भारी वाहनों के प्रवेश के लिए सील कर दी जाएंगी। राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले वाहनों की उचित जांच की जाएगी।”

नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने कहा, “हमने कनॉट प्लेस और संसद मार्ग पर मॉक ड्रिल की, क्योंकि नयी दिल्ली को वीवीआईपी क्षेत्र माना जाता है। हमने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए हैं।”

अधिकारियों ने बताया कि आईजीआई हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, मॉल, मेट्रो स्टेशनों और बाजारों सहित विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस दल और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर, राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख चौराहों और लाल किले को जोड़ने वाली सड़कों पर यातायात के प्रबंधन के लिए 3,000 से अधिक यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “लाल किले में सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती पहले ही कर दी गई है। हमने स्वतंत्रता दिवस के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चेहरे की पहचान करने वाले एआई-आधारित 700 सीसीटीवी कैमरे खरीदे हैं।”

उन्होंने कहा कि लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आने वाले लोगों की पहचान सत्यापित करने के उद्देश्य से स्मार्टफोन आधारित एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी अतिथियों की सुरक्षा के लिए रणनीतिक स्थानों पर स्नाइपर, विशिष्ट स्वाट कमांडो, पतंग पकड़ने वाले और शार्पशूटर तैनात किए जाएंगे।

इस बीच दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले यातायात परामर्श जारी किया है और मुख्य समारोह में आमंत्रित लोगों की सुविधा और सुरक्षा कारणों से बृहस्पतिवार को लाल किले के आसपास के क्षेत्र में आवाजाही पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं।

पुलिस ने एक अगस्त को शहर में पैराग्लाइडर, यूएवी, हॉट एयर बैलून और छोटे आकार के विमान जैसे हवाई उपकरणों को उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। परामर्श में इसे फिर से दोहराया गया जो बृहस्पतिवार तक लागू रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 14, 2024 08:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).