देश की खबरें | पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में मंगलवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

चंडीगढ़, 15 अगस्त पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में मंगलवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पटियाला में एक राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जबकि हरियाणा के उनके समकक्ष मनोहर लाल खट्टर ने फतेहाबाद में तिरंगा फहराया।

मान ने पटियाला में परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडर सहायक पुलिस आयुक्त जसरूप कौर बाथ के नेतृत्व में मार्च पास्ट की सलामी ली। मान ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कृषि क्षेत्र उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आजादी के 76 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को 76 नए 'आम आदमी क्लीनिक' का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही राज्य में इन क्लीनिकों की कुल संख्या 659 हो गई है।

मान ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीक लाने का प्रयास कर रही है। हाल में आई बाढ़ के मुद्दे पर मान ने कहा कि बाढ़ के पानी ने कई इलाकों में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। प्रभावित लोगों को नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालयों और अन्य स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

फतेहाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान खट्टर ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। खट्टर ने अपने संबोधन में आयुष्मान भारत-चिरायु हरियाणा योजना के विस्तार की बात कही। इस योजना से तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले लोगों को लाभ मिलेगा।

पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित चंडीगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शांतिपूर्ण समारोह के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जबकि हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने रोहतक में एक कार्यक्रम में तिरंगा फहराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\