पणजी, पांच मार्च पूर्व अभिनेत्री आयशा टाकिया ने उनके पति व बेटे को सोमवार रात एक घटना के दौरान बुरी तरह परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस राज्य में ‘‘महाराष्ट्र के लिए नफरत अविश्वसनीय स्तर पर पहुंच गई है।’’
गोवा पुलिस ने मंगलवार को महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी के बेटे अबू फरहान आजमी और अन्य के खिलाफ राज्य में सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करने एवं शांति भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया।
पूर्व बॉलीवुड अभिनेत्री टाकिया ने मंगलवार को ‘इंस्टाग्राम स्टोरीज’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनके पति ने मदद के लिए पुलिस को बुलाया था, लेकिन उनके खिलाफ ही शिकायत दर्ज कर दी गई।
टाकिया ने कहा, “हमारे परिवार के लिए यह रात एक भयावह रात थी... अभी-अभी यह पोस्ट देखा और इसे साझा करना ज़रूरी है। मैं समय आने पर और भी चीज़ें साझा करूंगी... मेरे पति और बेटे को बुरी तरह से धमकाया गया और वे अपनी जान को लेकर डरे हुए थे क्योंकि गोवा के स्थानीय गुंडों ने उन्हें घेर लिया, उन्हें धमकाया और घंटों तक प्रताड़ित किया...उन्होंने पुलिस के साथ भी बुरी तरह मारपीट की, जिसे मेरे पति ने हमारे बेटे और अपनी सुरक्षा के लिए बुलाया था।”
उन्होंने कहा, “गोवा में महाराष्ट्र के प्रति नफरत अविश्वसनीय स्तर तक पहुंच गई है... वे फरहान और मेरे बेटे को महाराष्ट्र से होने और बड़ी कार रखने के लिए बार-बार अपशब्द कहते रहे।”
टाकिया ने कहा, ‘‘पुलिस ने फरहान के खिलाफ ही शिकायत दर्ज कर ली है, जबकि वास्तव में उन्होंने ही लगभग 150 लोगों की भीड़ के खिलाफ मदद के लिए 100 नंबर डायल किया था।’’
उन्होंने एक अन्य ‘इंस्टाग्राम स्टोरीज’ पर लिखा कि परिवार के पास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित ‘‘वीडियो सबूत’’ हैं, जिन्हें वे समय आने पर सक्षम अधिकारियों के साथ साझा करेंगे।
गोवा पुलिस ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि उनके नियंत्रण कक्ष को सोमवार रात 11.12 बजे एक कॉल आई, जिसमें बताया गया कि (उत्तरी गोवा जिला) कैंडोलिम में एक सुपरमार्केट में झगड़ा हो रहा है।
कलंगुट पुलिस के निरीक्षक परेश नाइक ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि झगड़े के दौरान अबू फरहान आज़मी ने प्रतिद्वंद्वी समूह से कहा था कि उसके पास लाइसेंसी हथियार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY