एजेंसी न्यूज

आयकर विभाग ने अप्रैल से 26,242 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए

आयकर विभाग ने अप्रैल से 16.84 लाख करदाताओं को 26,242 करोड़ रुपये के कर रिफंड जारी किए. कोविड-19 संकट के बीच लोगों और कंपनियों को नकदी उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने रिफंड का काम काफी तेजी से किया है.

आयकर विभाग ने अप्रैल से 26,242 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए
आयकर विभाग (Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली: आयकर विभाग ने अप्रैल से 16.84 लाख करदाताओं को 26,242 करोड़ रुपये के कर रिफंड जारी किए. कोविड-19 संकट के बीच लोगों और कंपनियों को नकदी उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने रिफंड का काम काफी तेजी से किया है. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने शुक्रवार को कहा कि एक अप्रैल से 21 मई के बीच 16,84,298 आयकरदाताओं को रिफंड मिला है. सीबीडीटी ने कहा कि 15,81,906 करदाताओं को 14,632 करोड़ रुपये के आयकर रिफंड जारी किए गए. वहीं 1,02,392 करदाताओं को कॉरपोरेट कर रिफंड जारी किए गए.

पिछले सप्ताह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आत्म-निर्भर भारत अभियान की घोषणा के बाद से रिफंड जारी करने का काम और तेज किया गया है. सीतारमण ने कहा था, ‘‘हम रिफंड में देरी नहीं कर रहे हैं। हम उसे रोककर नहीं बैठे हैं. हम आपको रिफंड इसलिए तेजी से जारी कर रहे हैं क्योंकि इस समय आपको पैसे की जरूरत है और यह आपके पास पहुंचना चाहिए. कर रिफंड के पैसे को हमने अपनी प्रोत्साहन की गणना में शामिल नहीं किया है.’’

यह भी पढ़ें- आयकर विभाग वोडाफोन आइडिया को 733 करोड़ रुपए लौटाये: न्यायालय

सीबीडीटी ने 16 मई को समाप्त पिछले सप्ताह के दौरान 37,531 आयकरदाताओं को 2,050.61 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया था. इसी तरह कॉरपोरेट करदाताओं को 867.62 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया. वहीं 21 मई को समाप्त सप्ताह यानी 17 मई से 21 मई के दौरान 1,22,764 आयकरदाताओं को 2,672.97 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया. वहीं 33,774 कॉरपोरेट करदाताओं को 6,714.34 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2020 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).