देश की खबरें | पिछले कुछ वर्षों में देश में आग लगने की घटनाओं में कमी आई है: गृह राज्य मंत्री राय

नागपुर (महाराष्ट्र), 17 अप्रैल केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सोमवार को कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में आग लगने की घटनाओं में कमी आई है जिससे विकास की गति में तेजी आई है।

नागपुर स्थित राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा महाविद्यालय (एनएफएससी) में एक कार्यक्रम में राय ने कहा कि कई देशों ने अग्नि सुरक्षा उपायों और तंत्र के बारे में जानने के लिए भारत से संपर्क किया है।

मंत्री ने खतरे की स्थिति में भी अपने कर्तव्यों के प्रति तत्परता और प्रतिबद्धता के लिए एनएफएससी के छात्रों और कर्मचारियों की प्रशंसा की। अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और गृह रक्षा के लिए पदक प्रदान करने को लेकर आयोजित समारोह में मंत्री ने कहा कि इन सेवाओं के कर्मियों का कार्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में राहत कार्य और वित्तीय नुकसान की रोकथाम के माध्यम से ‘राष्ट्र प्रथम’ के मिशन को प्राप्त करना है।

राय ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में आग लगने की घटनाओं की संख्या में कमी आई है और इससे विकास की गति में वृद्धि हुई है।

अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और गृह रक्षक महानिदेशालय के महानिदेशक ताज हसन ने कहा कि कॉलेज की सफलता ने पड़ोसी देशों का भी ध्यान आकर्षित किया है, जिसने अपने अग्निशमन अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए इस केंद्र में भेजने में रुचि दिखाई है।

आयोजन के दौरान अग्निशमन विभाग के योग्य अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति के अग्निशमन सेवा पदक 2021 और 2022 से भी सम्मानित किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)