देश की खबरें | जोर बाग में एनडीएमसी के सफाई कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर का उद्घाटन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जोर बाग के अलीगंज में एनडीएमसी के कर्मचारियों, मुख्य रूप से सफाई कर्मियों के रहने के लिए नवनिर्मित आवासीय परिसर 'पालिका अमृत काल निवास' का उद्घाटन किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, चार फरवरी जोर बाग के अलीगंज में एनडीएमसी के कर्मचारियों, मुख्य रूप से सफाई कर्मियों के रहने के लिए नवनिर्मित आवासीय परिसर 'पालिका अमृत काल निवास' का उद्घाटन किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की ओर से जारी एक वक्तव्य के मुताबिक दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और केंद्रीय संस्कृति एवं विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की मौजूदगी में शुक्रवार को परिसर का उद्घाटन किया गया।
वी के सक्सेना ने पात्र लोगों को फ्लैट के आवंटन पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि इन फ्लैट का निर्माण प्रत्येक व्यक्ति को "रहने की गरिमापूर्ण परिस्थितियां" उपलब्ध कराने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप किया गया है।
एनडीएमसी के बयान के अनुसार उपराज्यपाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी वो आधारशिला हैं, जिस पर एक स्वस्थ और स्वच्छ समाज की इमारत टिकी हुई है।
एनडीएमसी ने कहा कि 10-मंजिला चार टावरों में 'टाइप-2' वाले 200 फ्लैट कॉम्प्लेक्स का निर्माण 49 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च के मुकाबले 40.33 करोड़ रुपये की लागत से 8,081 वर्गमीटर में किया गया है।
प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्र 54.36 वर्गमीटर है। आवासीय परिसर में कुल आठ लिफ्ट हैं, प्रत्येक टावर में दो लिफ्ट हैं।
एनडीएमसी ने कहा कि आवासीय परिसर में भूकंप प्रतिरोधी संरचना है और यह अलार्म तथा अग्निशमन प्रणाली से लैस है। इसमें वर्षा जल संचयन प्रणाली के अलावा अग्निशमन और घरेलू जल उपयोग के लिए ओवरहेड और भूमिगत जल टैंक की सुविधा भी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)