नयी दिल्ली, 23 अप्रैल गृह मामलों की संसदीय समिति ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद 25 अप्रैल से शुरू होने वाला अपना पूर्व निर्धारित जम्मू-कश्मीर दौरा स्थगित कर दिया है।
समिति ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान भटकने से बचाया जा सके, जो मौजूदा स्थिति से निपटने में लगी हुई हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद राधामोहन दास अग्रवाल की अध्यक्षता वाली गृह मामलों की स्थायी समिति 25 अप्रैल से एक मई तक दोनों केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अध्ययन दौरे पर जाने वाली थी।
सूत्रों ने बताया कि कि अग्रवाल ने समिति के सदस्यों को आतंकवादी हमले के बाद दौरे को स्थगित करने के निर्णय से अवगत कराया। पहलगाम में हुए हमले में कम से कम 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
सूत्रों ने कहा कि यह निर्णय इसलिए जरूरी था क्योंकि समिति में शामिल सांसदों को कड़ी सुरक्षा की जरूरत होगी और उनके कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अन्य शीर्ष नौकरशाहों सहित वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत शामिल थी।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब वे आतंकवादी हमले के बाद की स्थिति से निपटने, आतंकवादियों की तलाश करने तथा अन्य उपायों की समीक्षा करने में व्यस्त हैं, उन पर हमारी आवश्यकताओं का बोझ डालना विवेकपूर्ण नहीं होगा।’’
समिति के सदस्यों के जम्मू में वैष्णो देवी मंदिर जाने और लद्दाख के अलावा घाटी में श्रीनगर, गुलमर्ग और सोनमर्ग सहित अन्य स्थानों पर जाने का कार्यक्रम था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY