देश की खबरें | कोविड के खतरे के मद्देनजर पर्याप्त चिकित्सकीय सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित हो : दिल्ली कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के कुछ राज्यों में कोरोना वायरस के नए स्वरूप के मामले मिलने के बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस बीमारी से निपटने के लिए जरूरी चिकित्सकीय सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
नयी दिल्ली, 22 मई देश के कुछ राज्यों में कोरोना वायरस के नए स्वरूप के मामले मिलने के बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस बीमारी से निपटने के लिए जरूरी चिकित्सकीय सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने यहां जारी एक बयान में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक ज्ञापन भेजकर कोविड-19 को लेकर पिछली गलतियां नहीं दोहराने की गुजारिश की है ताकि पिछली बार जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
कुमार ने कहा कि सरकार को खतरे की घंटी बजने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि अभी से ही प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने गुप्ता से आग्रह किया कि सरकार दिल्ली के प्रमुख अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड, वेंटिलेटर एवं अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करे।
बयान के मुताबिक, कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से कोरोना वायरस की जांच और टीकाकरण केंद्र बढ़ाने और उनकी पहुंच आम जनता तक सुलभ बनाने के साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों और चिकित्सा कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की भी गुजारिश की।
बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को इस ज्ञापन की प्रेषित प्रति में हर प्रकार की तैयारी सुनिश्चित करने तथा स्थिति की समीक्षा करने का आग्रह है ताकि केंद्र व राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)