देश की खबरें | संपत्ति के लालच में सौतेली मां की हत्या कर पड़ोसियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई, आरोपी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिजनौर जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति के लालच में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की कथित रूप से ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी और मामले में पड़ोसियों के खिलाफ अपने पिता से प्राथमिकी दर्ज करा दी।
बिजनौर (उप्र), 13 जुलाई बिजनौर जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति के लालच में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की कथित रूप से ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी और मामले में पड़ोसियों के खिलाफ अपने पिता से प्राथमिकी दर्ज करा दी।
पुलिस ने रविवार को बताया कि सघन जांच के बाद घटना का राजफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बिजनौर शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) उदय प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि थाना क्षेत्र के गांव काजीवाला में शुक्रवार को तवक्कल नामक शख्स की पत्नी जुबैदा (29) की ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी गयी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में तवक्कल ने अपने पड़ोसी कलाम सहित उसके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
सिंह के मुताबिक, विवेचना में पुलिस को पता चला कि तवक्कल ने अपनी पहली पत्नी मुसर्रत के निधन के बाद जुबैदा से निकाह किया था और पुलिस को इस मामले में कुछ अलग सुराग मिले।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात तवक्कल की पहली पत्नी मुसर्रत के पुत्र आसिफ से पूछताछ की तो उसने सौतेली मां जुबैदा की हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को पूछताछ में आसिफ ने बताया कि उसके पिता मकान की वसीयत जुबैदा के बच्चों के नाम करने के बाद एक अन्य संपत्ति भी उन्हें ही देने जा रहे थे जिससे वह नाराज था।
उसने बताया कि इसी दौरान तवक्कल का अपने पड़ोसी कलाम के परिवार से बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया।
थानेदार ने बताया कि इस बीच आसिफ ने मौका देखकर 11 जुलाई को जुबैदा को घर में अकेला पाकर उसके सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी और अपने पिता को गुमराह कर कलाम के परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी आसिफ की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल ईंट बरामद कर ली और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 07:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

