देश की खबरें | दिल्ली के कई इलाकों में भीषण गर्मी के आसार

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह मौसम गर्म रहा और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.2 डिग्री अधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

आईएमडी उस समय भीषण गर्मी या फिर लू की घोषणा करता है जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस या पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इसके अलावा तब भी भीषण गर्मी मानी जाती है जब तापमान में बदलाव सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है।

दिल्ली में सोमवार को मौसम की पहली भीषण गर्मी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच का एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच का एक्यूआई ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच का एक्यूआई ‘खराब’, 301 से 400 के बीच का एक्यूआई ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)