देश की खबरें | दिल्ली के मंगोलपुरी में किरायेदार के बेटे ने मकान मालिक की धारदार हथियार से हत्या की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक किरायेदार के बेटे ने 38-वर्षीय मकान मालिक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक किरायेदार के बेटे ने 38-वर्षीय मकान मालिक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मकान मालिक और शराबी किरायेदार के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद किरायेदार के नाबालिग बेटे ने उसकी हत्या कर दी।
उसने बताया कि किरायेदार बबलू (38) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके नाबालिग बेटे को भी पकड़ लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक व्यक्ति पर हमला किये जाने की सूचना मिली थी।
इसके अनुसार, पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो उसने देखा कि मकान मालिक सर्वेश और उसके बेटे सनी को अस्पताल ले जाया जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) जिमी चिराम ने बताया, ‘‘पुलिस की टीम जब अस्पताल पहुंची तो पता चला कि सर्वेश को मृत घोषित कर दिया गया है। सर्वेश के बेटे सनी ने पुलिस को बताया कि उसका किरायेदार बबलू शराब के नशे में धुत होकर जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहा था। वह मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रहता है।’’
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जब सनी ने बबलू को रोकने की कोशिश की तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सर्वेश ने बीच-बचाव किया, लेकिन बबलू के बेटे ने उसके पैर में धारदार हथियार से हमला कर दिया और वहां से भाग गया।
पुलिस ने बताया कि टीम ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की और एसजीएम अस्पताल के पास बबलू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्होंने बबलू के नाबालिग बेटे को भी पकड़ लिया और उसके पास से धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘आरोपी बबलू ने कबूल किया कि वह नशे में था और गाली-गलौज कर रहा था। जब सर्वेश और उसके बेटे सनी ने उसे ऐसा करने से मना किया तो वह बेहद गुस्से में आ गया और कहासुनी के दौरान उसके बेटे ने सर्वेश पर हमला कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 01, 2024 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

