एजेंसी न्यूज

महाराष्ट्र में स्नातक, स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्र ही देंगे परीक्षा: उदय सामंत

मंत्री के हवाले से एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि परीक्षा एक जुलाई से 30 जुलाई के बीच होगी।

महाराष्ट्र में स्नातक, स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्र ही देंगे परीक्षा: उदय सामंत
जमात

मुंबई, आठ मई महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने शुक्रवार को कहा कि स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्र ही परीक्षा देंगे, जबकि प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नति दी जाएगी।

मंत्री के हवाले से एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि परीक्षा एक जुलाई से 30 जुलाई के बीच होगी।

कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से 13 गैर कृषि विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं।

सामंत ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट और पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे के साथ चर्चा के बाद निर्णय किया गया।

मंत्री ने कहा कि प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नति देते समय ग्रेड और अंक दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि कोई छात्र अपने ग्रेड से संतुष्ट नहीं होता तो वह परीक्षा में बैठने का विकल्प चुन सकता है और इस संबंध में विश्वविद्यालय स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है।

मंत्री ने कहा कि यदि छात्र इस परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो जाता है तो उसे अगली कक्षा में प्रोन्नति दे दी जाएगी, लेकिन उस विषय की दुबारा परीक्षा देनी होगी जिसमें वह फेल हुआ है।

सामंत ने यह भी कहा कि तकनीकी और उच्च शिक्षा विभाग इस बारे में काम कर रहा है कि नया शैक्षणिक सत्र विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों के अनुरूप एक सितंबर से शुरू हो।

सभी परीक्षाओं के परिणाम की घोषणा 15 अगस्त को की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 07:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).