देश की खबरें | महाकुंभ में राजनीति के कई दिग्गजों ने किया संगम स्नान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के संगम में शुक्रवार को राजनीति के कई दिग्गजों ने स्नान किया जिनमें केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रेखा शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सुबुही खान शामिल रहीं।
महाकुंभ नगर (उप्र), 14 फरवरी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के संगम में शुक्रवार को राजनीति के कई दिग्गजों ने स्नान किया जिनमें केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रेखा शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सुबुही खान शामिल रहीं।
आधिकारिक बयान के मुताबिक इनके अलावा, तेलंगाना के पूर्व मंत्री मल्ला रेड्डी और आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने भी संगम में डुबकी लगाई।
महाकुंभ में संगम स्नान के लिए केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल नयी दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन में सवार होकर प्रयागराज पहुंचे। वहीं, राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा ने भी शुक्रवार को संगम में डुबकी लगाई।
अधिकारियों ने बताया कि सांसद रेखा शर्मा ने महाकुंभ में की गई व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “योगी सरकार ने करोड़ों लोगों के लिए इतनी बेहतरीन व्यवस्था कैसे की है। यह एक जीवनभर का अवसर है, जिसे मैं गंवाना नहीं चाहती थी।”
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने भी संगम में डुबकी लगाई और महाकुंभ को सनातन आस्था का सबसे बड़ा आयोजन करार दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं, साधु-संतों और आमजनों के लिए की गई व्यवस्था को लेकर योगी सरकार की सराहना की।
महाकुंभ में डुबकी लगाने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सुबुही खान ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण तथा पुलिस व प्रशासन की भी सराहना की।
वहीं, तेलंगाना के पूर्व मंत्री मल्ला रेड्डी और ‘आप’ की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने संगम में स्नान करके खुद को भाग्यशाली बताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)