गुजरात में कोविड-19 के मामले 376 बढ़कर 5,804 पहुंचे, अब तक 319 मरीजों की मौत हुई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के अनुसार अब राज्य में इस महामारी के कुल मामले 5,804 हो गये हैं और इस महामारी से मरने वालों की संख्या 319 हो गयी है।
अहमदाबाद, चार मई गुजरात में सोमवार को कोविड-19 के 376 नये मामले सामने आये और अहमदाबाद के 26 मरीजों समेत राज्य में 29 मरीजों की मौत हो गयी जो मौत के एक दिन में सर्वाधिक मामले हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के अनुसार अब राज्य में इस महामारी के कुल मामले 5,804 हो गये हैं और इस महामारी से मरने वालों की संख्या 319 हो गयी है।
प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के 153 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी देने के बाद अबतक 1,195 लोग इस बीमारी से स्वस्थ हो गये हैं।
अहमदाबाद में 259 नये मामले आने के साथ ही शहर में कोविड-19 के मरीजों की संख्या 4,076 हो गयी और अबतक यहां 234 मरीजों की जान जा चुकी है।
रवि ने कहा,‘‘ जिन 29 मरीजों की एक दिन में मौत हुई उनमें 26 अहमदाबाद के थे जबकि वड़ोदरा में दो मरीजों की तथा सूरत में एक मरीज की जान चली गयी। उन 29 मरीजों में 13 को अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं।’’
रवि के मुताबिक नये मामलों में अहमदाबाद के अलावा, वड़ोदरा के 35, भावनगर के 21 और सूरत के 20 नये लोग इससे संक्रमित हुए हैं। अब सूरत में कुल 706 और वड़ोदरा में कुल 385 मामले हो गये हैं।
रवि ने कहा,‘‘ राज्य में फिलहाल जिन 4290 मरीजों का उपचार चल रहा है, उनमें से 25 मरीज जीवनरक्षक प्रणाली पर है। राज्य में अबतक 84,648 नमूनों का परीक्षण हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 01:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

