जरुरी जानकारी | दिल्ली में चांदी लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड ऊंचाई पर, सोना 150 रुपये टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. चांदी की कीमत लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड बढ़त के साथ शुक्रवार को स्थानीय बाजार में 89,000 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। हालांकि विदेशी बाजारों में मजबूत रुख के अनुरूप सोने की कीमत 150 रुपये गिरकर 73,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
नयी दिल्ली, 17 मई चांदी की कीमत लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड बढ़त के साथ शुक्रवार को स्थानीय बाजार में 89,000 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। हालांकि विदेशी बाजारों में मजबूत रुख के अनुरूप सोने की कीमत 150 रुपये गिरकर 73,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमतें 300 रुपये उछलकर 89,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। पिछले सत्र में यह 88,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
इस बीच सोने की कीमतें 150 रुपये गिरकर 73,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। पिछले सत्र में यह 74,050 रुपये पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘शुक्रवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल कई सप्ताह के निचले स्तर से उबर गये। अमेरिकी डॉलर सूचकांक वर्तमान में पिछले बंद के मुकाबले 0.22 प्रतिशत अधिक है।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स (जिंस बाजार) में सोना हाजिर 2,380 डॉलर प्रति औंस पर रहा जो पिछले बंद से छह डॉलर नीचे है।
ब्लिंकएक्स और जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध मामलों के उपाध्यक्ष (कमोडिटी एंड करेंसी) प्रणव मेर ने कहा, ‘‘सत्र में अब तक सोने में मजबूती के साथ कारोबार देखा जा रहा है और सप्ताह का अंत सकारात्मक रहने की संभावना है। इसका कारण अमेरिका से हाल ही में जारी आर्थिक आंकड़ों में गतिविधियों में नरमी के संकेत दिख रहे हैं, जबकि मुद्रास्फीति फिर से कम होने लगी है। इससे उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा जल्द ब्याज दर में कटौती की जा सकती है।’’
हालांकि, चांदी बढ़त के साथ 29.65 डॉलर प्रति औंस पर रही। पिछले कारोबार में यह 29.55 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2024 05:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

