देश की खबरें | पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बंदूकधारियों ने बस में सवार सात यात्रियों की हत्या की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस में सवार कम से कम सात यात्रियों की हत्या कर दी।
इस्लामाबाद, 19 फरवरी पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस में सवार कम से कम सात यात्रियों की हत्या कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारियों ने प्रांतीय राजधानी क्वेटा से पंजाब प्रांत की ओर जा रही यात्री बस को उस समय निशाना बनाया, जब वह बरखान क्षेत्र से गुजर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, बंदूकधारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवरोधक लगाकर बस को रोका, उसमें सवार यात्रियों के पहचान पत्र की जांच की और सात लोगों को जबरन पास की पहाड़ी पर ले गए, जिसके कुछ ही देर बाद गोलियों की आवाज सुनाई देने लगी।
बरखान के पुलिस उपायुक्त वकार खुर्शीद आलम ने घटना और मृतक संख्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया, “बस में यात्रा कर रहे जिन सात लोगों की हत्या कर दी गई, वे सभी पंजाब प्रांत के रहने वाले थे और लाहौर जा रहे थे।”
घटना की सूचना मिलने पर सुरक्षाबल इलाके में पहुंचे और हत्यारों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया। फिलहाल किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन जातीय बलूच आतंकवादी समूह नियमित रूप से पड़ोसी पंजाब के लोगों पर हमला करते रहते हैं।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने इस हमले की कड़ी निंदा की और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस हमले की निंदा की।
जरदारी ने कहा, “बेगुनाह लोगों की हत्या एक कायरतापूर्ण और जघन्य कृत्य है। आतंकवादी शांति और मानवता के दुश्मन हैं। वे बलूचिस्तान में शांति भंग करना चाहते हैं।”
वहीं, शरीफ ने कहा, “बेगुनाह नागरिकों की कुर्बानी जाया नहीं जाएगी। सरकार और सुरक्षाबल देश से आतंकवाद को पूरी तरह से खत्म करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 19, 2025 05:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

