देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में चिनार के पेड़ों की कटाई, नेकां विधायक ने जांच की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायक बशीर अहमद शाह वीरी ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में चिनार के पेड़ों की कथित कटाई की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

श्रीनगर, 26 फरवरी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायक बशीर अहमद शाह वीरी ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में चिनार के पेड़ों की कथित कटाई की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

बिजबहेड़ा के विधायक वीरी सोशल मीडिया पर आई उन तस्वीरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिनमें रानी बाग पब्लिक पार्क में हरे चिनार के पेड़ों को काटते हुए दिखाया गया था।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘इन तस्वीरों के बारे में संज्ञान और जवाबदेही के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण को बताया जाना चाहिए। इस बीच, अनंतनाग के उपायुक्त को एक उच्च स्तरीय जांच शुरू करनी चाहिए, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए दोषियों पर मामला दर्ज करना चाहिए और रोकथाम के लिए भारी जुर्माना लगाना चाहिए।’’

जम्मू और कश्मीर में चिनार के पेड़ संरक्षित वृक्ष हैं और उन्हें संभागीय आयुक्त कार्यालय से मंजूरी लिये बिना नहीं काटा जा सकता है। संबंधित तहसीलदार और जिला पुष्पकृषि अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर संभागीय आयुक्त कार्यालय मंजूरी प्रदान करता है।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने भी सोशल मीडिया पर पेड़ों की कटाई के लिए जिम्मेदार लोगों पर निशाना साधा।

पर्यावरण कार्यकर्ता रजा मुजफ्फर भट ने कहा कि शाखाओं की कटाई-छंटाई के नाम पर चिनार के पेड़ ही काट डाले गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\