एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | इमरान के बेटों ने अगर प्रदर्शन में हिस्सा लिया तो उनके खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : पीएमएल-एन नेता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान में सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेताओं ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे उनकी पार्टी द्वारा आयोजित किसी भी ‘‘हिंसक विरोध प्रदर्शन’’ में हिस्सा लेंगे तो उनके देश में आते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विदेश की खबरें | इमरान के बेटों ने अगर प्रदर्शन में हिस्सा लिया तो उनके खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : पीएमएल-एन नेता
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, 11 जुलाई पाकिस्तान में सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेताओं ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे उनकी पार्टी द्वारा आयोजित किसी भी ‘‘हिंसक विरोध प्रदर्शन’’ में हिस्सा लेंगे तो उनके देश में आते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीएमएल-एन नेताओं की चेतावनी ने सत्ता पक्ष और विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के बीच तनाव और बढ़ा दिया है। इमरान खान इस समय कारागार में बंद हैं।

शहबाज शरीफ सरकार पीटीआई पार्टी की ‘इमरान खान फ्री मूवमेंट’ प्रदर्शन योजना को विफल करने की तैयारी कर रही है। वहीं, 72 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने कहा है कि सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्यों द्वारा उनके बेटों को दी गई धमकियां ‘‘राजनीति नहीं बल्कि व्यक्तिगत प्रतिशोध है।’’

इमरान खान की बहन अलीमा खान ने हाल में कहा था कि उनके भतीजे सुलेमान और कासिम पांच अगस्त से शुरू होने जा रहे पीटीआई के प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पाकिस्तान आएंगे।

मरियम नवाज के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के एक कैबिनेट सदस्य ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर खान के बेटे किसी भी ‘‘हिंसक विरोध प्रदर्शन’’ में शामिल होने के लिए पाकिस्तान आते हैं तो उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

पंजाब की सूचना मंत्री और पीएमएल-एन नेता आजमा बुखारी ने कहा कि पीटीआई के संरक्षक इमरान खान के बेटों को देश में अशांति पैदा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

बुखारी ने सवाल किया, ‘‘जब खान घायल हुए थे, तब उनके बेटे पाकिस्तान क्यों नहीं आए? अब अचानक उन्हें पाकिस्तान की याद आ रही है।’’ उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘कथित तौर पर जेमिमा ने अपने बेटों को पाकिस्तान जाने से रोक दिया था। हालांकि, एक बेटे को अपने पिता से मिलने का पूरा अधिकार है। भड़काने वालों को अशांति फैलाने के लिए बच्चों का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।’’

दूसरी ओर, जेमिमा ने पाकिस्तान सरकार पर आरोप लगाया है कि वह उनके बच्चों को उनके पिता से बात करने से रोक रही है और पाकिस्तान आने पर उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी दे रही है।

उन्होंने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे बच्चों को अपने पिता से फोन पर बात करने की इजाजत नहीं है। वह लगभग दो साल से जेल में एकांत कारावास में हैं।’’

जेमिमा ने कहा, ‘‘पाकिस्तान सरकार ने अब कहा है कि अगर वे उनसे मिलने वहां गए, तो उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा। किसी लोकतंत्र में ऐसा नहीं होता। यह राजनीति नहीं है। यह एक निजी प्रतिशोध है।’’

जेमिमा का यह बयान प्रधानमंत्री के सलाहकार राणा सनाउल्लाह की उस चेतावनी के बाद आया कि यदि खान के बेटे पाकिस्तान में पीटीआई के किसी भी हिंसक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 08:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).