विदेश की खबरें | इमरान की गिरफ्तारी से पीएमएल-एन व सेना आगामी चुनावों में 'वांछित परिणाम' पा सकेगी: विशेषज्ञ
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, छह अगस्त पाकिस्तान में कुछ विश्लेषकों और राजनेताओं का मानना है कि भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को दोषी करार दिए जाने और तीन साल जेल की सजा सुनाए जाने के फैसले ने आम चुनाव कराने में एक बड़ी बाधा दूर कर दी है।

विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना से सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और शक्तिशाली सेना को आगामी चुनाव में 'वांछित परिणाम' प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इस्लामाबाद की एक अदालत ने तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 'भ्रष्ट आचरण' के लिए दोषी करार दिया, जिसके बाद शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत के इस फैसले के बाद खान पांच साल तक किसी भी सार्वजनिक पद पर आसीन नहीं हो सकेंगे।

इस्लामाबाद स्थित जिला एवं सत्र अदालत के अतिरिक्त न्यायाधीश हुमायूं दिलावर ने इमरान खान को तीन साल जेल की सजा सुनाने के अलावा उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने कहा कि जुर्माना नहीं देने पर उन्हें और छह महीने तक जेल में रखा जाएगा।

तोशाखाना कैबिनेट प्रभाग के अंतर्गत एक विभाग है, जहां सरकारों के प्रमुखों और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों द्वारा शासकों और सरकारी अधिकारियों को दिए गए उपहारों को रखा जाता है। इमरान पर आरोप है कि उन्होंने तोशाखाना से कुछ उपहार खरीदे, जिनमें एक कीमती घड़ी भी शामिल थी, और उसे लाभ कमाने के लिए बेच दिया।

अदालत का यह फैसला ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान (70) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिन्हें तीन महीने के भीतर दूसरी बार गिरफ्तार किया गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों से लेकर मुख्यधारा के नेताओं तक, पाकिस्तान में हाल के सप्ताहों में इस बात पर चर्चा शुरू हुई है कि अक्टूबर/नवंबर में होने वाले आम चुनाव इमरान खान को जेल भेजे जाने के बाद ही होंगे, और इससे सेना के लिए आम चुनाव में वांछित परिणाम हासिल करने का रास्ता साफ हो जाएगा और वह (सेना) अपने मुताबिक सरकार बनवा सकेगी।

राजनीतिक विश्लेषक हसन अस्करी रिजवी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद चुनाव में देरी का कोई कारण नहीं बचा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)