जरुरी जानकारी | विवाद निपटान में सुधार से निवेशकों को मिलेगा प्रोत्साहनः मेघवाल

लंदन, छह जून विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि सरकार ने न्यायपालिका को मजबूत करने और वैकल्पिक विवाद निपटान प्रणाली के लिए कई कदम उठाए हैं जो विदेशी निवेशकों को प्रोत्साहित करने और भारत-ब्रिटेन संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद करेंगे।

पिछले महीने विधि एवं न्याय मंत्रालय का कार्यभार संभालने वाले मेघवाल ने ब्रिटेन के अपने दौरे पर यहां भारतीय मध्यस्थता परिषद (आईसीए) के सम्मेलन में यह बात कही।

उन्होंने सोमवार को कानून और न्याय के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करने के लिए ब्रिटेन के कानून मंत्री एलेक्स चॉक से भी मुलाकात की।

उद्योग मंडल फिक्की के साथ साझेदारी में आयोजित ‘भारत-ब्रिटेन वाणिज्यिक विवादों की मध्यस्थता’ सम्मेलन में मेघवाल ने अपनी सरकार की तरफ से उठाए गए दूरगामी कानूनी सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन कदमों से न केवल विदेशी निवेशकों को सहजता होगी बल्कि अदालतों पर बोझ भी कम होगा।

मेघवाल ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि विवाद निपटान समेत विभिन्न सुधार निवेशकों के लिए प्रोत्साहन और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेंगे और भारत-ब्रिटेन संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।’’

उन्होंने भारत को वाणिज्यिक मध्यस्थता के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी जिक्र करते हुए कहा कि सरकार मजबूत वैकल्पिक विवाद निपटान प्रणाली बनाने और परंपरागत विवाद निपटान केंद्रों को सशक्त करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प पर काम कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)