ताजा खबरें | संसद में दिखा दिल्ली चुनाव के नतीजों का असर, सत्तापक्ष के सदस्यों ने लगाए ’मोदी-मोदी’ के नारे
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत की पृष्ठभूमि में पार्टी सदस्यों ने सोमवार को संसद के दोनों सदनों में ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए।
नयी दिल्ली, 10 फरवरी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत की पृष्ठभूमि में पार्टी सदस्यों ने सोमवार को संसद के दोनों सदनों में ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए।
बीते आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद संसद के वर्तमान बजट सत्र का आज पहला कामकाजी दिन था।
लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होते ही भाजपा के कई सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए नारे लगाने लगे। उन्होंने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए।
सत्तापक्ष के सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करवाया।
उधर राज्यसभा में भी बैठक शुरू होते ही भाजपा के सदस्य प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाने लगे।
इसी बीच सभापति जगदीप धनखड़ ने भाजपा सदस्य संजय सेठ को जन्मदिन की बधाई दी और इस दौरान नारेबाजी कुछ देर के लिए रुक गई और उसके तुरंत बाद फिर शुरू हो गई।
इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई विपक्षी सदस्यों ने आपत्ति जताई। राज्यसभा में कांग्रेस के सचेतक जयराम रमेश ने भी आपत्ति जताई।
धनखड़ ने दोनों पक्षों के सदस्यों को शांत किया और जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।
भाजपा ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से 48 सीट पर जीत हासिल की। भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) को पराजित करके 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। आप को सिर्फ 22 सीटें मिलीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)