देश की खबरें | आईआईटी दिल्ली ने छात्रों, पूर्व छात्रों से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाने की अपील की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोविड-19 महामारी के मद्देनजर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली ने अपने छात्रों और पूर्व छात्रों से अपील की है कि वे अगले महीने जेईई-एडवांस्ड परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने में मदद करें।
नयी दिल्ली, 28 अगस्त कोविड-19 महामारी के मद्देनजर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली ने अपने छात्रों और पूर्व छात्रों से अपील की है कि वे अगले महीने जेईई-एडवांस्ड परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने में मदद करें।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-एडवांस्ड के माध्यम से देश के सभी आईआईटी में छात्रों का दाखिला होता है। परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित होनी है। परीक्षा के संचालन की जिम्मेदारी इस साल आईआईटी दिल्ली पर है।
संस्थान ने अपने छात्रों और पूर्व छात्रों को जरूरतमंद परीक्षार्थियों के लिए पंजीकरण पोर्टल बनाने और उनकी समस्याओं को हल करने में मदद करने का भी सुझाव दिया है।
आईआईटी दिल्ली के शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, 95 से 99 प्रतिशत छात्रों को परीक्षा केंद्र की उनकी पहली पसंद आवंटित करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़े | कोरोना के दिल्ली में 1808 नए मरीज पाए गए, 20 की मौत: 28 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
आईआईटी दिल्ली के निदेशक वी रामगोपाल राव ने कहा, ‘‘नागरिक के तौर पर हमें संकट के समय एक साथ खड़े होने और एक-दूसरे की मदद करने की आवश्यकता है। अगर मैं एक गाँव में हूँ और मेरे पास एक कार है और वहां अगर कोई गरीब छात्र है जिसे परीक्षा केंद्र जाना है और वह निजी परिवहन का खर्च नहीं उठा सकता है, तो ऐसे में मैं छात्र को परीक्षा हॉल तक ले जाऊंगा। मैं इसे पूरी तरह से मुफ्त में करूंगा। ऐसा करना एक स्वाभाविक बात है। मुझे उम्मीद है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद मुझे इस तरह की कहानियां सुनने को मिलेंगी।’’
उन्होंने एक अपील में कहा, ‘‘क्या देश भर में फैले हुए आईआईटी के पूर्व छात्र या वर्तमान छात्र इस तरह के जरूरतमंद छात्रों के लिए एक पंजीकरण पोर्टल बना सकते हैं और उनके मामले को सुलझाने में मदद कर सकते हैं? ओला और उबर जैसी कंपनियों के संचालन में आईआईटी के पूर्व छात्र शामिल हैं, क्या वे इस पहल में भाग ले सकते हैं?’’
राव ने कहा कि इस साल सभी परीक्षाओं के लिए केंद्रों की संख्या दोगुनी कर दी गई है।
राव ने कहा, ‘‘राज्य सरकारों को आगे आने की जरूरत है। स्थानीय प्रशासनों को इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था करने और ऐसे विशेष प्रबंध करने की आवश्यकता है।’’
गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के बीच जेईई परीक्षा कराने के सरकार के फैसले को लेकर देश भर में विपक्षी पार्टियां विरोध कर रही हैं और सरकार से इसे स्थगित करने की मांग कर रही है।
हालांकि शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि परीक्षा को अब और अधिक नहीं टाला जा सकता। परीक्षा सितंबर में तय समय पर ही आयोजित की जाएंगी
जेईई-एडवांस्ड के अध्यक्ष सिद्धार्थ पांडे ने कहा, ‘‘कोविड-19 के वर्तमान परिदृश्य में हम परीक्षार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार सामाजिक दूरी के उपायों को लागू करना सुनिश्चित करेंगे।’’
कृष्ण
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)