एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मोदी को 2024 में प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में योगी को फिर मुख्यमंत्री बनाना होगा : शाह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगले वर्ष के शुरु में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर तमाम अटकलें खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर 2024 में (नरेंद्र) मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फ‍िर योगी (आदित्यनाथ) को मुख्यमंत्री बनाना होगा।

देश की खबरें | मोदी को 2024 में प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में योगी को फिर मुख्यमंत्री बनाना होगा : शाह

लखनऊ, 29 अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगले वर्ष के शुरु में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर तमाम अटकलें खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर 2024 में (नरेंद्र) मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फ‍िर योगी (आदित्यनाथ) को मुख्यमंत्री बनाना होगा।

लखनऊ में आज शाह ने 'मेरा परिवार-भाजपा परिवार' नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक / प्रभारियों को संबोधन में कहा कि भाजपा के लोग जब कमल का झंडा और नारा लेकर चलते हैं तो विपक्षी दलों के दिल दहल जाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह चुनाव भारत माता को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है। दीपावली के बाद चुनाव अभियान जोर पकड़ेगा और समर्पण दिखाते हुए कार्यकर्ता इसमें जुट जाएं।’’

शाह ने कहा '' 2022 में एक बार फ‍िर भाजपा को 300 से अधिक सीटें दीजिये। हम उप्र को देश में नंबर एक राज्य बनाएंगे। मोदी प्रधानमंत्री हैं और वह, उप्र को जो चाहिए, तुरंत देते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव की नींव 2022 का उप्र का विधानसभा चुनाव बनेगा। अभी उप्र में बहुत कुछ करना है। हम फ‍िर से घोषणा पत्र लेकर आएंगे और जो कहेंगे, उसे शत प्रतिशत पूरा करके ही 2027 में फि‍र आपके पास आएंगे।'' ''

गृह मंत्री ने कहा कि 2017 के बाद भाजपा ने उप्र को उसकी वास्तविक पहचान दिलाई और प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा ‘‘भाजपा ने दिखाया कि सरकारें परिवार के लिए नहीं, सूबे के सबसे गरीब व्यक्ति के लिए होती हैं।’’

विपक्षी दलों, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि चुनाव के नगाड़े बज गये हैं और जो घर बैठ गये थे वह लोग नये कपड़े सिलाकर आ गये हैं कि हमारी सरकार बनने जा रही हैं। शाह ने अखिलेश से उनकी विदेश यात्राओं का हिसाब जनता को देने की मांग करते हुए उन पर तंज किया ‘‘इन लोगों ने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और फिर जाति के लिए किया.. और किसी के लिए नहीं सोचा ।’’

शाह ने गांधी और वाद्रा परिवार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा '' कुछ लोग ऐसे होते हैं जो चुनावी मेंढक की तरह चुनाव के वक्त बाहर आते हैं... बस।''

सपा, बसपा पर बरसते शाह ने कहा ‘‘'उप्र में कई साल तक सपा और बसपा का खेल चलता रहा और प्रदेश बर्बाद हो गया। पश्चिमी उप्र में कैराना से पलायन शुरू होता था और लखनऊ में हुक्मरानों को असर नहीं होता था। आज स्थिति अलग है क्योंकि पलायन कराने वालों का ही पलायन हो चुका है।''

उन्होंने कहा ‘'किसी ने कल्पना नहीं की थी कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा। सपा हमें ताने देती थी कि मंदिर वहीं बनाएंगे तिथि नहीं बताएंगे। लेकिन अब तो मंदिर की नींव रख दी गई। सपा की सरकार ने राम भक्तों को गोलियों से भून दिया था। यही फर्क है परिवारवादी पार्टियों और भाजपा में।''

शाह ने कहा ‘‘भाजपा का वादा था कि कश्मीर से धारा 370 हटाएंगे। 2019 में पूर्ण बहुमत मिला और हमने धारा 370 और 35ए को उखाड़ फेंका। भारत माता का मुकुट मणि आज हमेशा के लिए भारत के साथ जुड़ गया और भारत का अभिन्न अंग बन गया।''

गृह मंत्री ने विधानसभा चुनाव के लिए जनता से संपर्क कर उनकी इच्छा से चुनाव घोषणा पत्र बनवाने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा ''जो आप ला कर पार्टी को देंगे, उसे धर्मेंद्र प्रधान (चुनाव प्रभारी) और स्‍वतंत्र देव (प्रदेश अध्यक्ष) संकलित कर घोषणा पत्र बनाएंगे।’’ उन्होंने दावा किया कि 2017 के घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वादे पूरे हो गए हैं।

उन्होंने और केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां और कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया।

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जो लक्ष्य संगठन ने तय किया है उसके प्रति समर्पित होकर हर परिवार को भाजपा परिवार से जोड़ने का कार्य करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा ‘‘ किसी भी संगठन में कार्यकर्ता सदैव स्‍थायी रहता है, आप लक्ष्य के लिए समर्पित होकर कार्य करें।’’

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रभारी राधा मोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई मंत्री और प्रमुख नेता मौजूद थे।

शाह शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह विमानतल पहुंचे, जहां मुख्‍यमंत्री योगी सहित पार्टी के प्रमुख नेताओं और मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। वह विमानतल से सीधे डिफेंस एक्सपो मैदान पहुंचे और वहां पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत के बाद उन्होंने ‘मोदी इलेवन’ एप का भी अनावरण किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 29, 2021 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).