एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस सत्ता में आयी तो तीनों कृषि कानूनों को रद्द करेगी : प्रियंका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तीनों नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को यहां कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर तीनों नये कृषि कानूनों को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह तीनों कृषि कानून राक्षस रूपी हैं जिन का मकसद किसानों को खत्म करना है।

देश की खबरें | कांग्रेस सत्ता में आयी तो तीनों कृषि कानूनों को रद्द करेगी : प्रियंका

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), 10 फरवरी तीनों नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को यहां कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर तीनों नये कृषि कानूनों को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह तीनों कृषि कानून राक्षस रूपी हैं जिन का मकसद किसानों को खत्म करना है।

प्रियंका ने कांग्रेस के 'जय जवान जय किसान' अभियान के तहत सहारनपुर के चिलकाना में आयोजित किसान महापंचायत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा अन्य भाजपा नेताओं पर, कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया ।

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘ ये कानून राक्षसी हैं। अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो इन कानूनों को रद्द किया जाएगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि यह तीनों कृषि कानून इस तरह बनाए गए हैं कि मंडियां समाप्त हो जाएं और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य बिल्कुल भी ना मिले। कानून रद्द होने तक उनके पार्टी इनके खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस प्रकार की किसान बैठकों की योजना बनाई है और उसी श्रंखला में यह पहली रैली थी। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और विपक्षी पार्टी खुद को साबित करने के लिए संघर्ष कर रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा "पिछले विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने वादा किया था कि गन्ना किसानों को उनका बकाया मिलेगा लेकिन क्या किया उन्होंने?"

प्रियंका ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया "उन्होंने अपने लिए 16 हजार करोड़ रुपये से दो हवाई जहाज खरीदे जिससे दुनिया भर में घूम सकते हैं और दिल्ली में संसद भवन के सौंदर्यीकरण के लिए 20,000 करोड़ रुपए निकाल कर रख लिए। मगर आपके 15000 करोड रुपए का बकाया आज तक आपको नहीं मिला।"

प्रियंका ने किसानों से कहा "समझ लीजिए, बहुत देख लिया आपने इनकी बातों को। उनका 56 इंच का सीना देख लिया जिसके अंदर छोटा दिल है जो सिर्फ अपने खरबपति मित्रों के लिए धड़कता है। वह किसानों का दिल नहीं समझ रहे हैं।"

उन्होंने कहा "किसानों का दिल इस देश की धरती के लिए धड़कता है क्योंकि इस धरती को वह सींचता है। इस धरती से उसकी जान जुड़ी हुई है। इस धरती से ही किसान ने देश को आत्मनिर्भर बनाया है। यही किसान का बेटा सीमा पर सुरक्षा करते हुए देश के लिए अपनी जान देता है। उसी किसान का बेटा एक जवान बनकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा करता है मगर हमारे प्रधानमंत्री को उनके दर्द का एहसास नहीं है।"

कांग्रेस महासचिव ने सहारनपुर दौरे के दौरान शाकुंभरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना की और रायपुर खान की दरगाह की जियारत भी की।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा किए गए ट्वीट के मुताबिक इस दौरान प्रियंका ने देश के किसानों के लिए प्रार्थना की।

किसान महापंचायत के दौरान प्रियंका को हल भेंट किया गया। इस दौरान पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और दल के वरिष्ठ नेता पी एल पुनिया भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 10, 2021 06:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).