राजपीपला (गुजरात), 27 मई विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि यदि लोग अपने भ्रमण वाले स्थानों के बारे में निजी अनुभवों को साझा कर घरेलू पर्यटन का प्रचार करते हैं तो देश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।
जयशंकर अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान जयशंकर ने जनजाति बहुल नर्मदा जिले में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत अपने गोद लिये गये गांवों का दौरा किया।
जयशंकर ने कहा, ‘‘हमारे देश में बहुत सी ऐसी चीजें हैं जिनके बारे में हम खुद नहीं जानते हैं और यदि जानते भी हैं, तो दूसरों को बताते नहीं हैं...अंतरराष्ट्रीय पर्यटन तभी बढ़ेगा जब घरेलू पर्यटन बढ़ेगा।’’
उन्होंने कहा कि नर्मदा में पर्यटन की बड़ी संभावना है और इसे केवड़िया से सड़क मार्ग के जरिये जोड़ा जा रहा है। केवड़िया में ही दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थित है।
गुजरात से राज्यसभा सदस्य जयशंकर ने कहा, ‘‘हमें इस स्थान का प्रचार करना चाहिए, इस क्षेत्र में पर्यटन की बड़ी संभावना है।’’
उन्होंने क्षेत्र में अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि वह पिछली रात को जब रात्रिभोजन के लिए रुके तो उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे कि वह किसी ‘हिल स्टेशन’ पर हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि मैं लोगों से कहूं कि मैं गुजरात के ‘हिल स्टेशन’ पर गया, तो वे मुझ पर विश्वास नहीं करेंगे क्योंकि वे गुजरात को किसी ‘हिल स्टेशन’ से जोड़कर नहीं देखते।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY