देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले में आईईडी को बरामद कर निष्क्रिय किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले में सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

श्रीनगर, 15 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले में सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) लगभग 18 किलोग्राम का था, जिसमें दो गैस सिलेंडर लगे हुए थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस और सेना के एक संयुक्त दल ने उत्तरी कश्मीर जिले के अस्तांगो इलाके में आईईडी बरामद किया।

श्रीनगर स्थित जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) कर्नल इमरोन मुसावी ने बताया कि पुलिस से मिली खुफिया जानकारी और सेना द्वारा पुष्टि के आधार पर, शनिवार को संयुक्त अभियान शुरू किया गया था।

उन्होंने कहा, ''खोजी दलों को तुरंत मुस्तैद किया गया और 300 मीटर के दायरे के एक क्षेत्र की घेराबंदी कर सुबह के करीब आठ बजकर 35 मिनट पर आईईडी का पता लगा लिया गया।''

उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ते ने बांदीपोरा-सोपोर रोड के निकट मिले आईईडी को बिना किसी नुकसान के निष्क्रिय कर दिया।

सेना की चिनार कॉर्प्स ने ट्विटर पर लिखा, ''चिनार योद्धाओं और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आज अस्तांगू, बांदीपोरा में 18 किलोग्राम के आईईडी को नष्ट कर एक बड़े आतंकी हमले को टालने में कामयाबी हासिल की। भारतीय सेना कश्मीर को आतंक मुक्त रखने की अपनी प्रतिबद्धता के साथ तत्पर है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now