देश की खबरें | यादवपुर विश्वविद्यालय परिसर, छात्रावास में रात्रि में प्रवेश के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया गया

कोलकाता, 17 अगस्त यादवपुर विश्वविद्यालय ने रात्रि में परिसर में प्रवेश करने के वास्ते आगंतुकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया और द्वारों समेत महत्वपूर्ण स्थानों पर जल्द से जल्द सीसीटीवी लगाने का बृहस्पतिवार को फैसला किया।

छात्रावास की बालकनी से गिरकर एक छात्र की मौत हो गई थी और ऐसा आरोप है कि छात्र की उसके वरिष्ठ छात्रों ने रैगिंग की थी और यौन उत्पीड़न किया था।

छात्र की मौत के एक सप्ताह बाद परिसर क्षेत्र में बाहरी लोगों के अनुचित व्यवहार में शामिल होने के आरोपों के मद्देनजर ये कदम उठाये गये हैं।

विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार स्नेहामंजू बसु ने संवाददाताओं से कहा कि विश्वविद्यालय ने विभिन्न प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सीसीटीवी लगाने के लिए ठेका दिया है, लेकिन तार्किक कारणों से इन्हें चालू करने में कुछ समय लगेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे, जिसमें कई प्रवेश और निकास द्वार शामिल होंगे।’’

बसु ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पूरे मुख्य छात्रावास परिसर और परिसर क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने का कोई भी निर्णय अभी नहीं लिया गया है क्योंकि इस संबंध में फैसला केवल विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) द्वारा लिया जा सकता है।

विभिन्न छात्र संघों के सदस्यों ने छात्रावासों में रैगिंग को बंद करने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय परिसर के भीतर और बाहर अलग-अलग प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।

पुलिस ने प्रथम वर्ष के छात्र की मौत के मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

स्नातक में अध्ययनरत छात्र नादिया जिले के बगुला का निवासी था। वह नौ अगस्त की रात लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर छात्रावास की दूसरी मंजिल की बालकनी से गिर गया था और अगले दिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)