देश की खबरें | विकास के विरोधियों को पहचानें, बड़े-बड़े वादों और गलतफहमी से बचें : नड्डा की बिहार की जनता से अपील
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बिहार की जनता से बड़े बड़े-वादों एवं गलतफहमी से बचने की अपील करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) वाले विकास का नया नक्शा लेकर आए हैं, लेकिन इसी दल के शासन में अपराधियों को संरक्षण मिलता था और ऐसे विकास के विरोधियों को पहचानने की जरूरत है ।
काराकाट, 15 अक्तूबर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बिहार की जनता से बड़े बड़े-वादों एवं गलतफहमी से बचने की अपील करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) वाले विकास का नया नक्शा लेकर आए हैं, लेकिन इसी दल के शासन में अपराधियों को संरक्षण मिलता था और ऐसे विकास के विरोधियों को पहचानने की जरूरत है ।
बिहार में विपक्ष पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘ अगर उजाले की इज्जत करनी है, तो अंधेरे की कठिनाई को पहचानना होता है। विकास करना है तो विकास के विरोधियों को भी पहचानना जरूरी है ।''
यह भी पढ़े | Taiwan की राष्ट्रपति Tsai Ing-Wen का झलका भारत प्रेम, बताया चना मसाला, नान और चाय है फेवरेट.
काराकट और औरंगाबाद में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लालू के जंगल राज से मुक्ति देने का काम नीतीश जी के नेतृत्व में राजग की सरकार ने किया है और राज्य अब कानून-व्यवस्था पर चल रहा है।
तेजस्वी यादव का नाम लिये बिना उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप लोगों को ये सब इसलिए बता रहा हूं कि ‘बेटे’ को भी ये पता होना चाहिए कि उनके पिता ने कैसे राज किया था। ’’
लालू प्रसाद पर परोक्ष निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में चरवाहा विद्यालय बनाते-बनाते बिहार को चारागाह बना दिया और चारागाह बनाते-बनाते चारा घोटाला कर दिया तथा चारा घोटाला करते-करते यहां से चले तो कहां पहुंच गए, यह सबको पता है ।
उन्होंने कहा कि चुनाव में बड़े-बड़े वादे करके लोगों को लुभाया जाता है, कई बार तो जनता पशोपेश में पड़ जाती है कि वोट किसे दें।
उन्होंने कहा कि कभी भी वोट इस आधार पर मत दीजिए कि वो प्रत्याशी और उसकी पार्टी आगे चलकर क्या करेगी। वोट इस आधार पर देना चाहिए कि प्रत्याशी ने और उसकी पार्टी ने अब तक क्या किया है।
लोगों से गलफहमी से बचने की अपील करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ आज राजद वाले विकास का नया नक्शा लेकर आ रहे हैं। जो लोग जात-पात की राजनीति करते थे, वे आज विकास की बात कर रहे हैं । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने उन्हें भी विकास का अर्थ सिखा दिया है।’’
उन्होंने लोगों को चेताया कि राजद वही दल है जिसके राज में शहाबुद्दीन को राजनीतिक संरक्षण मिलता रहा और नीतीश कुमार की जब सरकार आई तब शहाबुद्दीन को जेल भेजा गया ।
लालू प्रसाद की पार्टी राजद के शासनकाल की याद दिलाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वो दिन याद है जब पटना के डाक बंगला चौराहे पर शाम सात बजे के बाद खड़े नहीं हो सकते थे।
उन्होंने राजद के शासन के दौरान कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति और कारोबारियों के प्रदेश छोड़कर जाने का भी जिक्र किया ।
भाजपा अध्यक्ष का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राजद नेता और विपक्षी महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के मुद्दे पर राज्य की नीतीश कुमार सरकार को घेर रहे हैं । उन्होंने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है तो पहली ही कैबिनेट मीटिंग में 10 लाख नौजवानों को रोजगार देने का काम करेंगे ।
बहरहाल, नड्डा ने कहा कि जाति, मजहब और वोटबैंक की राजनीति देश की संस्कृति बनी हुई थी जिसे मोदीजी ने बदल दिया।
बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को जनादेश देने की अपील करते हुए नड्डा ने कहा कि देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और नीतीश कुमार के साथ बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया गया है ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के लिए 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये की घोषणा 2015 में की थी और वह इसका लेखाजोखा लेकर आए हैं ।
बिहार के पैकेज के खर्च का ब्यौरा देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये तो खर्च किए ही गए हैं, साथ ही नरेंद्र मोदी ने 40 हजार करोड़ रुपये और भी बिहार के विकास के लिए दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजग सरकार में ही रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोड हर क्षेत्र में बिहार का विकास हुआ है।
नड्डा ने अपने संबोधन के दौरान जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त करने, राम मंदिर के निर्माण शुरू होने और एक बार में तीन तलाक को समाप्त करने का भी जिक्र किया ।
उन्होंने कहा कि वर्षों से हम सभी की इच्छा थी कि भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, लेकिन कांग्रेस पार्टी इसे लटकाना, अटकाना, भटकाना करती रही।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम धन्यवाद देते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसला किया, मोदी जी ने शिलान्यास किया और अब भव्य राममंदिर का निर्माण होगा।’’
नड्डा ने कहा कि देश ने पाकिस्तान की बदनीयती को मुंहतोड़ जवाब देने का काम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने किया है।उन्होंने कहा कि चीन को उसी की में देश के जवानों ने जवाब देकर यह बता दिया है कि अब भारत मोदी जी के नेतृत्व में किस तरह चल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 15, 2020 06:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

