खेल की खबरें | भविष्य के मेजबान के चयन पर विचार जल्द साझा करूंगी: भारत की 2036 ओलंपिक बोली पर कोवेंट्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की नव निर्वाचित अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने 2036 ओलंपिक के आयोजन के लिए भारत की बोली पर उम्मीद के मुताबिक सतर्कता बरतते हुए कहा कि वह आने वाले दिनों में भविष्य के मेजबान के चयन पर अपने ‘विचारों’ का खुलासा करेंगी।

कोस्टा नवारिनो, 21 मार्च अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की नव निर्वाचित अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने 2036 ओलंपिक के आयोजन के लिए भारत की बोली पर उम्मीद के मुताबिक सतर्कता बरतते हुए कहा कि वह आने वाले दिनों में भविष्य के मेजबान के चयन पर अपने ‘विचारों’ का खुलासा करेंगी।

कोवेंट्री को बृहस्पतिवार को आईओसी का अध्यक्ष चुना गया। वह वैश्विक ओलंपिक संस्था का नेतृत्व करने वाली पहली महिला और अफ्रीका की पहली सदस्य हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या मौजूदा अध्यक्ष थॉमस बाक के 23 जून को पद छोड़ने से पहले भारत की बोली पर कोई संभावना है तो कोवेंट्री ने कहा, ‘‘आखिरकार एक प्रक्रिया होती है और वह प्रक्रिया जारी है और जहां तक ​​मुझे पता है, यह अगले कुछ महीनों तक जारी रहेगी। ’’

अपने चुनाव के बाद उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमें भावी मेजबान के चयन में सदस्यों को शामिल करने की आवश्यकता है और मेरे पास कुछ विचार हैं और मैं उन्हें साझा करने के लिए तैयार हो सकती हूं, पर शायद अगले सप्ताह। ’’

वह तीन महीने के बदलाव के दौर ​​के बाद 23 जून को ओलंपिक दिवस पर बाक से आईओसी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगी।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए आईओसी के भावी मेजबान आयोग को अपनी दिलचस्पी प्रस्तुत की है जो शीर्ष संस्था के साथ महीनों की अनौपचारिक बातचीत के बाद एक महत्वाकांक्षी योजना में पहला ठोस कदम है।

कतर और सऊदी अरब जैसे 10 से अधिक देशों ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए दिलचस्पी व्यक्त की है हालांकि अभी तक पता नहीं चला है कि कितने या किन अन्य देशों ने आधिकारिक तौर पर ऐसा किया है।

हालांकि 2036 ओलंपिक के मेजबान पर फैसला 2026 से पहले आने की संभावना नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now