देश की खबरें | पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को आयोग की मंजूरी मिलने पर इसकी घोषणा करूंगा :अमरिंदर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को कहा कि वह एक नयी पार्टी बना रहे हैं और इसके नाम व चुनाव चिह्न को निर्वाचन आयोग की मंजूरी मिल जाने पर वह इसकी घोषणा करेंगे। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई लोग उनसे संपर्क में हैं।
चंडीगढ़, 27 अक्टूबर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को कहा कि वह एक नयी पार्टी बना रहे हैं और इसके नाम व चुनाव चिह्न को निर्वाचन आयोग की मंजूरी मिल जाने पर वह इसकी घोषणा करेंगे। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई लोग उनसे संपर्क में हैं।
सिंह ने पिछले महीने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अपने प्रथम संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं एक पार्टी का गठन कर रहा हूं। जब निर्वाचन आयोग नाम और चिह्न को मंजूरी दे देगा, तभी जाकर मैं आपको इसकी जानकारी दे सकूंगा। आयोग की मंजूरी का इंतजार करिए।’’
उन्होंने यह भी कहा कि वह केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के मुद्दे के हल के लिए बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे।
सिंह ने पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता की रस्साकशी के बीच मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक सवाल का जवाब देते हुए दावा किया कि कांग्रेस के कई लोग उनसे संपर्क में हैं और समय आने पर वे सामने आएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘बेशक कई लोग संपर्क में हैं। हम उपयुक्त क्षण का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन मैं उनका नाम नहीं बताऊंगा क्योंकि मेरे समर्थकों को प्रताड़ित किया जा रहा है।’’
यह पूछे जाने पर कि कितने विधायक उनके संपर्क में हैं, सिंह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को पंजाब के कांग्रेस विधायकों से सिलसिलेवार बैठकें करनी पड़ रही है, इसका क्या मतलब है? ’’
अभी तक कांग्रेस से इस्तीफा नहीं देने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कांग्रेस में 50 साल बिताये हैं, यदि मैं और 10 दिन उसमें रूकूं तो क्या फर्क पड़ता है?’’
उल्लेखनीय है कि सिंह ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह जल्द ही अपनी नई पार्टी बनाएंगे और अगर तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों के हित में कुछ समाधान निकलता है तो वह भाजपा के साथ 2022 के चुनाव में सीटों के समझौते को लेकर आशान्वित हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा के साथ जाने की बात कभी नहीं कही है और वह सिर्फ सीट साझेदारी चाहते हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘सैन्य में इसका अर्थ बलों के सकेंद्रन से है।’’ हालांकि, भगवा पार्टी से इस बारे में अभी तक बात नहीं की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)