देश की खबरें | पैरालंपिक और पैरा एशियाड में देश के लिए पदक जीतना चाहता हूं: तमिलनाडु के ‘ब्लेड रनर’ राजेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के ‘ब्लेड रनर’ राजेश ने जीवन की सारी चुनौतियों से पार पाते हुए पहले ‘खेलो इंडिया पैरा खेलों’ की टी64 वर्ग की 200 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता और लंबी कूद में पांचवें स्थान पर रहे।

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर तमिलनाडु के ‘ब्लेड रनर’ राजेश ने जीवन की सारी चुनौतियों से पार पाते हुए पहले ‘खेलो इंडिया पैरा खेलों’ की टी64 वर्ग की 200 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता और लंबी कूद में पांचवें स्थान पर रहे।

उनके इस प्रदर्शन को हजारों किलोमीटर दूर तमिलनाडु के तम्बारम में उनके कॉलेज में बड़ी स्क्रीन पर लाइव दिखाया गया क्योंकि कॉलेज प्रशासन चाहता था कि प्रत्येक छात्र राजेश से प्रेरणा ले।

राजेश का जन्म बिलकुल सामान्य बच्चे की तरह हुआ था लेकिन एक इंजेक्शन की सुईं उनके पैर के अंदर टूटने से उनके पैरों में संक्रमण हो गया और जहर फैलने से बचने के लिए उनके पैरों को काटना पड़ा।

वह 10 महीने के थे, तब से ‘प्रोस्थेटिक्स’ (कृत्रिम अंक) पहन रहे हैं और जब वह सातवीं कक्षा में थे तो उनके माता-पिता अलग हो गये। उन्हें और उनके जुड़वां भाईयों को उनके दादा ने ही पाला जो ऑटोरिक्शा चलाते हैं।

राजेश रियो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मारियप्पन थांगवेलु को देखकर प्रेरित हुए और वह भी पैरालंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।

राजेश ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैं पांच या छह साल से ‘ब्लेड रनिंग’ कर रहा हूं। मैंने 2018 से अपनी यात्रा शुरू की लेकिन 2016 में रियो पैरालंपिक में मारियप्पन थांगवेलु को टीवी पर टी42 वर्ग की ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतते देखकर मुझे प्रेरिणा मिली। तब से मैंने फैसला किया कि मैं भी पैरालंपियन बनूंगा। ’’

राजेश ने अपने मित्र की सलाह पर ‘ब्लेड रनिंग’ शुरू की। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने 2018 में अभ्यास करना शुरू किया और दो बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मार्च 2023 में पुणे में हुए 21वीं पैरा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने मुझे नये कृत्रिम अंग दिये जिसकी कीमत 7.50 लाख रूपये थी। ’’

अब उनका लक्ष्य पैरालंपिक और पैरा एशियाई खेलों में हिस्सा लेना है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पैरालंपिक और पैरा एशियाई खेलों में देश के लिए पदक जीतना चाहता हूं। इस समय पैरा राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा हूं। जो नौ से 15 जनवरी तक गोवा में होंगे। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\