देश की खबरें | मेरे ख्याल से प्रधानमंत्री मोदी को ‘इंडिया’ नाम पसंद है: ममता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्ष के गठबंधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उन पर तंज कसते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनके ख्याल से उन्हें (प्रधानमंत्री को) ‘इंडिया’ नाम पसंद है।
कोलकाता, 25 जुलाई विपक्ष के गठबंधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उन पर तंज कसते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनके ख्याल से उन्हें (प्रधानमंत्री को) ‘इंडिया’ नाम पसंद है।
बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्षी गठबंधन के बारे में जितनी गलत बातें करेगी, उतना ही वह (पार्टी) इसके प्रति अपनी पसंद साबित करेगी।
उन्होंने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री को धन्यवाद। मुझे लगता है कि उन्हें ‘इंडिया’ नाम पसंद है। आम लोगों की तरह उन्होंने भी इसे स्वीकार कर लिया है। उन्होंने यह इसलिए कहा, क्योंकि संवाददाताओं ने उनसे सवाल किया था और उन्हें जवाब देना था। जितना अधिक वे इस नाम के बारे में बुरा बोलेंगे, उतना ही अधिक वे इसके प्रति अपनी पसंद साबित करेंगे।”
राज्यपाल सीवी आनंद बोस के साथ एक संक्षिप्त बैठक के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को भाजपा के संसदीय दल की बैठक में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) को देश का अब तक का सबसे ‘दिशाहीन’ गठबंधन करार दिया। उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिदीन जैसे नामों का हवाला देते हुए कहा कि केवल देश के नाम के इस्तेमाल से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता।
अगले साल के लोकसभा चुनाव के वास्ते विमर्श तय करते हुए 26 विपक्षी दलों ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का एकजुट होकर मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ नामक गठबंधन बनाया है।
बनर्जी ने कहा कि वह विधानसभा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए राज्यपाल से मिलीं। उन्होंने कहा, ‘‘यह कुछ नहीं बल्कि शिष्टाचार भेंट थी। मैंने राज्यपाल से कहा कि वित्त विभाग से संबंधित दो विधेयक विधानसभा में पेश किये जाने की संभावना है।’’
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित विधेयकों के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि संक्षिप्त भेंट के दौरान उन्होंने बस चाय पी तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति को लेकर राज्यपाल के साथ कोई चर्चा नहीं की।
जब बनर्जी से पूछा गया कि भाजपा पंचायत चुनाव में हिंसा पर चर्चा की मांग करते हुए विधानसभा में दो स्थगन प्रस्ताव देने की योजना बना रही है तब उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंदोपाध्याय इस पर गौर करेंगे।
विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2023 10:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

