पाकिस्तान के शोएब अख्तर को बनना है भारतीय टीम का गेंदबाजी कोच, सचिन तेंदुलकर के बारे में भी कही ये बड़ी बात
अख्तर ने यह इच्छा सोशल नेटवर्किंग एप ‘हेलो’ पर इंटरव्यू में जताई.
नयी दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने कहा है कि अगर उन्हें पेशकश की जाती है तो उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम का गेंदबाजी कोच बनने में कोई परेशानी नही है और वह अधिक आक्रामक तेज गेंदबाज तैयार कर सकते हैं. अख्तर ने यह इच्छा सोशल नेटवर्किंग एप ‘हेलो’ पर इंटरव्यू में जताई. अख्तर से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में भारतीय गेंदबाजी इकाई के साथ जुड़ना चाहेंगे तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया. भारत के मौजूदा गेंदबाजी कोच भरत अरूण हैं. अख्तर ने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से ऐसा करना चाहूंगा. मेरा काम ज्ञान साझा करना है. मैंने जो सीखा है उसके बारे में दूसरों से साझा करने में मुझे कोई परेशानी नहीं.’’
क्रिकेट में सबसे तेज गेंदबाजी करने वालों में शामिल अख्तर ने कहा, ‘‘ मैं मौजूदा गेंदबाजों की तुलना में अधिक आक्रामक, तेज और चुनौती देने वाला गेंदबाज तैयार करूंगा. जो बल्लेबाजों को कड़ी चुनाौती दे सके.’’ उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच बनना चाहेंगे जिसके लिये वह 2008 में इस टी20 लीग में खेले थे. यह भी पढ़ें: पीसीबी के कानूनी सलाहकार रिजवी ने शोएब अख्तर के खिलाफ मानहानि का मुकदमा ठोका
उन्होंने 1998 की श्रृंखला में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ बातचीत का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा,‘‘मैने उसे देखा था पर मैं नहीं जानता था कि वह भारत में कितना बड़ा नाम है. चेन्नई में मुझे पता चला कि वह भारत में भगवान के रूप में जाना जाता है.’’ उन्होंने कहा,‘‘ वह मेरा बहुत अच्छा दोस्त है. मैने 1998 में काफी तेज गेंदबाजी की और भारतीय दर्शकों ने मेरी हौसलाअफजाई की. भारत में मेरे काफी प्रशंसक हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 10:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

