खेल की खबरें | मुझे नहीं लगता कि कोहली खराब फॉर्म से गुजर रहा है : राठौड़
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. लंबे समय से विराट कोहली के खराब फॉर्म को लेकर भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ चिंतित नहीं है और उन्होंने सोमवार को कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 श्रृंखला में वह फॉर्म में जरूर लौटेंगे ।
कोलकाता, 14 फरवरी लंबे समय से विराट कोहली के खराब फॉर्म को लेकर भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ चिंतित नहीं है और उन्होंने सोमवार को कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 श्रृंखला में वह फॉर्म में जरूर लौटेंगे ।
पिछले महीने तीनों प्रारूपों में कप्तानी से विदा लेने वाले कोहली तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में 8 . 6 की औसत से 26 रन ही बना सके ।
राठौड़ ने कहा कि कोहली नेट्स पर अच्छा खेल रहे हैं और उन्हें नहीं लगता कि वह फॉर्म में नहीं हैं ।
उन्होंने बुधवार को ईडन गार्डंस पर शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 श्रृंखला से पहले मीडिया से बातचीत में कहा ,‘‘ मुझे नहीं लगता कि वह खराब फॉर्म में है । वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका लेकिन इसे लेकर कोई चिंता नहीं है ।’’
कोहली ने पिछले दो साल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक नहीं जड़ा है ।आखिरी बार नवंबर 2019 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दिन रात के टेस्ट में शतक बनाया था ।
राठौड़ ने कहा ,‘‘ वह नेट्स पर अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है । मुझे यकीन है कि टी20 श्रृंखला में वह बड़ी पारी खेलेगा ।’’
यह श्रृंखला अक्टूबर में आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी के लिये अहम है और राठौड़ ने यकीन जताया कि उनके बल्लेबाज आस्ट्रेलिया में दमदार प्रदर्शन करेंगे ।
उन्होंने कहा ,‘‘ बल्लेबाजी में कोई समस्या नहीं है ।सभी बल्लेबाज उन हालात में अच्छा खेलने में सक्षम है । हम आस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप पर फोकस करके तैयारी कर रहे हैं । कुछ खिलाड़ी चोटिल है और जब तक सभी फिट नहीं हो जाते, उनकी भूमिकाओं के बारे में कुछ कहना कठिन होगा ।’’
यह पूछने पर कि क्या टीम प्रबंधन भविष्य में ऋषभ पंत से पारी का आगाज कराने की सोच रहा है, उन्होंने कहा कि उसे निचले मध्यक्रम में उतारा जा सकता है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ यह बहुत आगे की बात है । मुझे नहीं पता कि 2023 के बाद मैं टीम के साथ रहूंगा या नहीं । जहां तक ऋषभ की बात है तो वह ऊपर बल्लेबाजी कर सकता है । यह टीम की जरूरत पर निर्भर करेगा । लेकिन हम उसे निचले मध्यक्रम में उतार सकते हैं क्योंकि वहां हमारे पास खब्बू बल्लेबाज नहीं है ।’’
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर नाकामी के बाद मध्यक्रम के खराब प्रदर्शन के लिये राठौड़ की आलोचना हुई थी । उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि टी20 और वनडे में मध्यक्रम का प्रदर्शन कभी चिंता का विषय नहीं था । अहमदाबाद में विकेट पेचीदा थी लेकिन शुरूआती विकेट गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव और पंत ने मध्यक्रम में अच्छी बल्लेबाजी की ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2022 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

