टी20 प्रारूप में अब भी अहम भूमिका निभा सकता हूं : कार्तिक

कार्तिक ने अपने 15 साल के करियर में 26 टेस्ट, 94 एकदिवसीय और 32 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह समय समय पर वापसी करते रहे हैं लेकिन 34 वर्षीय खिलाड़ी के लिये फिर से वापसी करना मुश्किल है और वह भी इसे समझते हैं।

जमात

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल दिनेश कार्तिक जानते हैं कि विश्व कप 2019 में लचर प्रदर्शन के कारण उन्हें एकदिवसीय टीम से बाहर किया गया लेकिन टी20 टीम से बाहर होना उन्हें पच नहीं पा रहा है जिसमें उन्हें लगता है कि वह अब भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्तिक ने अपने 15 साल के करियर में 26 टेस्ट, 94 एकदिवसीय और 32 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह समय समय पर वापसी करते रहे हैं लेकिन 34 वर्षीय खिलाड़ी के लिये फिर से वापसी करना मुश्किल है और वह भी इसे समझते हैं।

कार्तिक ने पीटीआई से कहा, ‘‘टी20 में मेरा रिकार्ड अच्छा है। विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में मैं अनुकूल प्रदर्शन नहीं कर पाया। मैं वनडे (टीम से बाहर करना) के बारे में समझ सकता हूं लेकिन टी20 टीम में वापसी करने की मेरी अच्छी संभावना है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हाल के घरेलू मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन किया। मेरे पास ऐसा सोचने का कोई कारण नहीं है कि मैं वापसी नहीं कर सकता हूं। ’’

तीनों प्रारूपों में उनका सर्वश्रेष्ठ औसत टी20 में है जिसमें उन्होंने 33.25 की औसत और 143.52 के स्ट्राइक रेट से रन बनाये हैं। कार्तिक ने माना कि टीम से बाहर किये जाने से वह आहत हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि इससे मैं आहत हुआ था। मेरे अंदर हमेशा देश की तरफ से खेलने का जज्बा रहा है और उसमें अब भी कोई कमी नहीं आयी है। ’’

कार्तिक को विश्व कप से पहले आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था लेकिन बेहतर विकेटकीपिंग कौशल के कारण उन्हें विश्व कप टीम में ऋषभ पंत पर प्राथमिकता दी गयी। शिखर धवन के चोटिल होने के बाद पंत भी विश्व कप टीम का हिस्सा बन गये थे।

कार्तिक को विश्व कप में दो पारियां खेलने को मिली जिनमें वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच भी शामिल है जिसमें तीन विशेषज्ञ विकेटकीपर (महेंद्र सिंह धोनी, कार्तिक और पंत) को अंतिम एकादश में रखने के लिये भारतीय टीम प्रबंधन की आलोचना भी हुई थी।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान कार्तिक हालांकि टीम से बाहर होने पर दुखी नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहले भी इस तरह की परिस्थितियों से गुजरा हूं। मेरा करियर उतार चढ़ावों से भरा रहा। इससे मुझे काफी सीख मिली। यह (टीम से बाहर होना) मेरे लिये नया नहीं है, इसलिए मैं इस परिस्थिति में भी सहज महसूस कर रहा हूं। ’’

कार्तिक ने कहा, ‘‘टी20 विश्व कप ज्यादा दूर नहीं है और मैं जानता हूं कि अगर मैं अच्छा प्रदर्शन करता हूं तो टीम में जगह बना सकता हूं। मैं यह भी जानता हूं कि यह मुश्किल है। टीम मजबूत है लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में बेहतर प्रदर्शन करना मेरा काम है। ’’

आईपीएल को कोविड-19 महामारी के कारण हालांकि अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया है।

कार्तिक ने कहा, ‘‘अभी जो कुछ हो रहा है उसमें मैं आईपीएल के बारे में बहुत अधिक नहीं सोच रहा हूं। लॉकडाउन से पहले हालांकि मैंने आईपीएल के लिये वास्तव में कड़ी मेहनत की थी जैसी कि मैं हर टूर्नामेंट के लिये करता हूं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IND vs NZ ODI Series 2026: खत्म होने वाला है इंतजार! इस दिन मैदान पर लौटेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली, जानिए पूरा शेड्यूल और मैच टाइमिंग

Team India vs New Zealand T20I Stats At Hagley Oval: हेग्ले ओवल में कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें क्राइस्टचर्च के इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Virat Kohli ODI Stats Against New Zealand: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड में कुछ ऐसा रहा हैं विराट कोहली का प्रदर्शन, एक क्लिक पर देखें 'रन मशीन' के आंकड़ें

Team India vs New Zealand T20I Stats At Hagley Oval: हेग्ले ओवल में कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें क्राइस्टचर्च के इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी