देश की खबरें | हैदराबाद: भाजपा ने पहलगाम में आतंकवादी हमले के खिलाफ किया प्रदर्शन

हैदराबाद, 23 अप्रैल केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के खिलाफ बुधवार को यहां प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाये।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए और काली पट्टियां बांधे प्रदर्शनकारियों ने यहां हुसैन सागर झील के पास आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए और पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की।

उन्होंने जो नारे लगाए उनमें एक था ‘‘चुप ना बैठो, पाकिस्तान पर हमला करो’’।

विरोध स्वरूप काली पोशाक पहने किशन रेड्डी ने कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला करेगी।

भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष किशन रेड्डी ने आतंकवादी हमले के खिलाफ पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया।

भाजपा सांसदों के. लक्ष्मण, एटाला राजेंद्र और कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने भी विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)