देश की खबरें | पत्नी की गोली मारकर हत्या के बाद दिल के दौरे से पति की मौत

ठाणे, दो सितंबर महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 56 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने आवास पर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद दिल का दौरा पड़ने से उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा कलवा के खुंभर अली स्थित यशवंत निवास इमारत में शुक्रवार रात करीब सवा दस बजे हुआ ।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की पहचान दिलीप साल्वी और प्रमिला(51) के रूप में हुई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ''साल्वी के शुक्रवार रात घर लौटते ही दंपती के बीच कहासुनी हो गयी। गुस्से में उसने अपनी बंदूक निकाली और पत्नी को दो गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके कुछ देर बाद साल्वी बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और दिल का दौरा पड़ने से उसकी भी मौत हो गई।''

साल्वी के करीबी सूत्रों ने बताया कि इस दौरान पत्नी ने चिल्लाकर अपने बेटे को बुलाया था लेकिन बेटे के आने से पहले उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण अभी सामने नहीं आया है।

पुलिस के अनुसार, साल्वी, कलवा के एक प्रतिष्ठित परिवार से आता है जिसकी स्थानीय राजनीति और समाजिक गतिविधियों में अच्छी पैठ है। कई सरकारी और अन्य परियोजनाओं का नाम उसके स्वर्गीय पिता यशवंत राम साल्वी के नाम पर है।

पुलिस उपायुक्त (जोन-1) गणेश गावड़े इस मामले में जांच का नेतृत्व कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)