नयी दिल्ली, 25 मई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कटक के एक कैंसर अस्पताल में आवारा कुत्तों के घूमने और रोगियों को काटने की खबरों पर ओडिशा सरकार और कटक नगर निगम को नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आयोग ने एक बयान में कहा कि छह सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है।
उसने कहा कि आयोग ने इस खबर का स्वत: संज्ञान लिया है कि आचार्य हरिहर कैंसर स्नातकोत्तर संस्थान (एएचपीजीआईसी), कटक में आवारा कुत्ते खुलेआम घूम रहे हैं और रोगियों को काट रहे हैं।
आयोग ने कहा कि खबरों के अनुसार पिछले स्पताह अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों ने पांच रोगियों को काट लिया जिससे उनकी कीमोथैरेपी और रेडियेशन जैसी प्रक्रियाओं में देरी हो रही है।
आयोग ने कहा कि यदि खबरों में दी गयी जानकारी सही है तो यह रोगियों के मानवाधिकारों का उल्लंघन है।
उसने ओडिशा के मुख्य सचिव, एएचपीजीआईसी के निदेशक और कटक नगर निगम के आयुक्त को नोटिस जारी किये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY