एजेंसी न्यूज

एचआरडी मंत्री मंगलवार को करेंगे राज्यों के शिक्षामंत्रियों से बातचीत

यह बैठक मंगलवार को दोपहर दो बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगी।

एचआरडी मंत्री मंगलवार को करेंगे राज्यों के शिक्षामंत्रियों से बातचीत
जमात

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल केंद्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कोविड-19 से जुड़े मुद्दों और मध्याह्न भोजन कार्यक्रम पर चर्चा करने के लिए राज्य के शिक्षा मंत्रियों की बैठक बुलायी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह बैठक मंगलवार को दोपहर दो बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगी।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘एचआरडी मंत्री कोविड-19 से निपटने, मध्याह्न भोजन कार्यक्रम, समग्र शिक्षा कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर कल वीडियो कॉल के माध्यम से राज्य के शिक्षामंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।’’

इससे पहले सोमवार को पोखरियाल ने अभिभावकों से ऑनलाइन बातचीत की और लॉकडाउन के चलते पुस्तकों की अनुपलब्धता और बोर्ड परीक्षा की अनिश्चितता समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लगाया गया है।

देशभर में विश्वविद्यालय एवं विद्यालय 16 मार्च से बंद हैं। केंद्र ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में कक्षाओं को बंद करने की घोषणा की थी।

बाद में, 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन घोषित किया गया। इसे तीन मई तक बढ़ा दिया गया।

मार्च के आखिरी सप्ताह में मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से विद्यालयों के बंद रहने के बावजूद विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा था।

पंजाब और कर्नाटक कोविड-19 के चलते पहले ही ग्रीष्मावकाश की घोषणा कर चुके हैं जबकि अन्य राज्य अकादमिक कैलेंडर पर काम कर रहे हैं तथा अकादमिक नुकसान को कम से कम करने के लिए गर्मियों की छुट्टी पहले करने समेत विभिन्न कदमों पर विचार कर रहे हैं।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने पिछले सप्ताह राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखकर उनसे स्कूल फीस भुगतान एवं शिक्षकों को तनख्वाह के भुगतान पर संवेदनशीलता से विचार करने का आग्रह किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2020 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).