देश की खबरें | महाराष्ट्र में कितनी सीट पर चुनाव लड़ेंगे, इसकी घोषणा नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन करेंगे: जरांगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुल कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे, इसकी घोषणा अगले सप्ताह नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन की जाएगी।
छत्रपति संभाजीनगर, 24 अक्टूबर मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुल कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे, इसकी घोषणा अगले सप्ताह नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल मराठा समुदाय के कई उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं, लेकिन किस निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा जाएगा और किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, इस बारे में बाद में फैसला लिया जाएगा।
जरांगे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत मराठों के लिए आरक्षण और हैदराबाद, बॉम्बे तथा सतारा के राजपत्रों की मसौदा अधिसूचनाओं को लागू करने की मांग कर रहे हैं, जिसमें मराठा समुदाय को कुनबी घोषित किया गया है। कुनबी एक कृषि समूह है जो ओबीसी श्रेणी के तहत आरक्षण और अन्य लाभ के लिए पात्र है।
रविवार को उन्होंने घोषणा की कि वह विधानसभा चुनावों में उन निर्वाचन क्षेत्रों में मराठा उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाएंगे, जहां इस समुदाय की मजबूत उपस्थिति है।
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के 20 नवंबर को होने वाले चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 22 अक्टूबर को शुरू हुई और यह 29 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
जालना जिले में अपने पैतृक गांव अंतरवाली सरती में पत्रकारों से बात करते हुए जरांगे ने कहा, “फिलहाल, राज्य में प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में कई मराठा उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हम इस बात पर चर्चा करेंगे कि हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन हम आज कुछ भी घोषित नहीं करेंगे। हम पहले उनके (सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महा विकास आघाडी के) उम्मीदवारों की सूची देखना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा, “हमारी ओर से हर निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन पत्र भरे जाएंगे। जिन निर्वाचन क्षेत्रों में हम चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करेंगे, वहां हमारे सभी उम्मीदवार नामांकन पत्र वापस ले लेंगे। लेकिन जिन निर्वाचन क्षेत्रों में हमने लड़ने का फैसला किया है, वहां एक उम्मीदवार मैदान में रहेगा। सीटों की अंतिम संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों के नाम नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2024 02:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

