खेल की खबरें | आखिरी बल्लेबाज के आउट होने पर आपको कैसा महसूस हुआ था, किंग चार्ल्स तृतीय ने गिल से पूछा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ... अदिति खन्ना ...
... अदिति खन्ना ...
लंदन, 15 जुलाई किंग चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को क्लेरेंस हाउस के बगीचे में भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों से मुलाकात के दौरान मोहम्मद सिराज के आउट होने को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया लेकिन इसके बारे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल से पूछे बिना नहीं रह सके।
ब्रिटेन के 76 वर्षीय महाराजा ने भारतीय क्रिकेटरों के साथ इस खेल को लेकर काफी समय तक चर्चा की। गिल ने उनसे टीम की मुलाकात को अद्भुत करार दिया।
भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी और उप उच्चायुक्त सुजीत घोष के साथ कांग्रेस राज्यसभा सांसद एवं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला तथा सचिव देवजीत सैकिया इस दौरान वहां मौजूद थे।
गिल ने मुलाकात के बाद कहा, ‘‘यह अद्भुत था। मुझे लगता है कि वह (किंग चार्ल्स) बहुत दयालु और उदार हैं। हमारी उन से बहुत अच्छी बातचीत हुई।’’
भारत को सोमवार को लॉर्ड्स मैदान पर श्रृंखला के रोमांचक तीसरे टेस्ट मैच में 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत के आखिरी बल्लेबाज मोहम्मद सिराज थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे कि शोएब बशीर की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेने के बाद धीरे से विकेट से टकराई और फिर गिल्लियां गिर गयी।
गिल ने कहा, ‘‘उन्होंने (किंग चार्ल्स) हमें बताया कि हमारे आखिरी बल्लेबाज के आउट होने का तरीका काफी दुर्भाग्यपूर्ण था, गेंद लुढ़कती हुई विकेट पर लग गई। वह हमसे बस पूछ रहे थे, ‘उसके बाद आपको कैसा महसूस हुआ?’ और हमने उन्हें बताया कि यह हमारे लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण मैच था। उम्मीद है कि अगले दोनों मैचों में हमें किस्मत का अच्छा साथ मिलेगा।’’
गिल ने इस मौके पर कहा कि भारतीय टीम जब भी इंग्लैंड में खेलती है, उसे प्रवासियों भारतीय से जबरदस्त समर्थन मिलता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि हम इस मामले में भाग्यशाली हैं कि हम जहां भी जाते हैं हमें हमेशा अच्छा समर्थन मिलता है। यहां भी ऐसा ही रहा है। मुझे हालांकि लगता है कि पहले कुछ दिनों में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के समर्थक अधिक थे, लेकिन मैच के आखिरी तीन दिनों में हमें दर्शकों से काफी अच्छा समर्थन मिला।’’
गिल का मानना है कि पहले तीन मैचों में क्रिकेट की गुणवत्ता ने लोगों की दिलचस्पी टेस्ट क्रिकेट में बढ़ा दी है।
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि दोनों टीमों ने बहुत जुनून दिखाया। हमने बहुत गर्व के साथ खेला। हमने मानसिक और शारीरिक रूप से अपना सब कुछ दिया। कोई टेस्ट मैच पांचवें दिन के आखिरी सत्र तक चलता है और आप उसे 20 (22) रन से हार जाते हैं, तो निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट असली विजेता होगा।’’
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात को लेकर अपनी टीम के उत्साह को व्यक्त किया।
हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘यह वास्तव में एक बहुत अच्छा अनुभव था। हम पहले भी कई बार इंग्लैंड आये है लेकिन उनसे मुलाकात का यह पहला अवसर है। वह बहुत मिलनसार है। उन्होंने हमसे हमारी यात्रा के बारे में पूछा ।’’
महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा, ‘‘ ‘रॉयल हाउस’ आकर किंग चार्ल्स से मिलना एक बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। हम साउथम्पटन से इतनी दूर आए लेकिन यह वास्तव में शानदार रहा। हमारी टीम की खिलाड़ी इसे लेकर बहुत उत्साहित थीं और हमें खुशी है कि हम यहां हैं।’’
यह कार्यक्रम ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था, जो किंग चार्ल्स तृतीय द्वारा दक्षिण एशिया में गरीबी, असमानता और अन्याय से निपटने के लिए स्थापित एक परोपकार है।
ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक हितन मेहता ने कहा, ‘‘ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट की शुरुआत 2007 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक क्रिकेट मैच से हुई थी, जिसे चार्ल्स तृतीय (तब वे प्रिंस ऑफ वेल्स थे) ने आयोजित करने में मदद की थी। ऐसे में आज क्लेरेंस हाउस में इस कार्यक्रम का आयोजन होना दिल को छूने वाला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका में हमारे काम के लिए किंग चार्ल्स के निरंतर समर्थन के लिए बहुत आभारी हैं। यह देखना बहुत अच्छा रहा है कि यह एक बहुत छोटे संगठन से बढ़कर दक्षिण एशिया में 1.3 करोड़ लोगों की मदद करने वाला बन गया है।’’
पुरुष टीम इंग्लैंड के खिलाफ अपने चौथे टेस्ट से पहले मैनचेस्टर के लिए रवाना हो गई। पांच मैचों की श्रृंखला का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जायेगा।
महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला को 3-2 से जीतने के बाद बुधवार को अपने तीन मैचों की श्रृंखला के शुरुआती एकदिवसीय मुकाबले के लिए साउथम्प्टन लौट गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 07:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

