गुरुग्राम, छह अगस्त हरियाणा के अधिकारियों ने हिंसा प्रभावित नूंह जिले में एक होटल-सह-रेस्तरां सहित उन कई अवैध ढांचों को रविवार को ढहा दिया, जहां से पिछले सप्ताह की शुरुआत में झड़पों के दौरान एक धार्मिक यात्रा पर कथित तौर पर पथराव किया गया था।
अधिकारियों ने कहा कि यह नूंह में ध्वस्तीकरण अभियान का चौथा दिन है।
उन्होंने बताया कि नल्हड़ रोड चौक के पास तीन मंजिला सहारा होटल को ध्वस्त किए जाने के अलावा एक रेस्तरां और टाइल के शोरूम को भी तोड़ा गया।
अधिकारियों ने कहा कि जिले में अब तक 162 स्थायी और 591 अस्थायी निर्माण ध्वस्त किये जा चुके हैं।
प्रशासन की अलग-अलग टीम ने अर्धसैनिक बल और पुलिस के साथ पुन्हाना, पिंगनवा, नगीना, तावड़ू और फिरोजपुर झिरका में कथित अतिक्रमण भी हटाया।
उपमंडलीय मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार ने बताया कि ये संरचनाएं अवैध रूप से बनाई गई थीं और इनका इस्तेमाल ‘‘गुंडों’’ ने हाल में हिंसा के दौरान पथराव के लिए किया था।
नूंह के जिलाधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि जिले में अवैध निर्माण और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में सहारा होटल की छत से लोग पथराव करते और गोलियां चलाते दिख रहे हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘होटल मालिक को सब कुछ पता था, लेकिन इसके बाद भी उसने हमलावरों को पत्थर इकट्ठा करने से नहीं रोका। चार जेसीबी की मदद से चार घंटे में होटल को ध्वस्त कर दिया गया।’’
उपायुक्त ने कहा कि रविवार तक जिले में 37 स्थानों पर 57.5 एकड़ भूमि से अवैध निर्माण हटा दिए गए हैं।
पुलिस 31 जुलाई को भड़की हिंसा में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अधिकारियों ने कहा कि शनिवार तक 147 लोगों को गिरफ्तार किया गया और कुल 56 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आठ लोग राजस्थान के भरतपुर और अलवर जिलों के निवासी हैं।
गुरुग्राम पुलिस की 50 सदस्यीय टीम ने रविवार को नल्हड़ पहाड़ी को खंगाला, जहां से हमलावरों ने भक्तों पर कथित तौर पर गोलियां चलाई थीं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘रविवार सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक तलाशी अभियान जारी रहा। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर दो देसी कट्टे और कारतूस के एक दर्जन खोखे पाए गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘खेड़ला चौक के पास एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। सभी हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।’’
नूंह के जिलाधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि रविवार को भी कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक ढील दी गई।
मुस्लिम बहुल इलाके नूंह में बीते सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की शोभायात्रा पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद हुई हिंसा में होमगार्ड के दो जवान और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। नूंह से भड़की हिंसा गुरुग्राम और उसके आसपास के इलाकों में भी हिंसा फैल गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY